मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस समूह ने कारोबारी सुस्ती के माहौल में भी मुनाफे में बढ़ोतरी हासिल की है। इसके अलावा रिलायंस एक तिमाही में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक के टर्नओवर वाली देश की पहली कंपनी बन गई है।
तिमाही नतीजे अच्छे
कंपनी के तिमाही नतीजों के मुताबिक जुलाई-सितंबर 2013 की तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मुनाफा 5,490 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में हुए 5,409 करोड़ रुपए की तुलना में 1.5 फीसदी अधिक है। तिमाही आधार पर देखें, तो रिलायंस के मुनाफे में 2.6 की बढ़ोतरी हुई है क्योंकि अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 5,352 करोड़ रुपए रहा था।
पढ़े-महंगाई का भूत बिगाड़ेगा त्योहारों का मजा
कंपनी की ओर से जारी तिमाही नतीजे में बताया गया है कि जुलाई-सितंबर तिमाही में रिलायंस का टर्नओवर 14.2 फीसदी बढ़कर 1,06,523 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कंपनी का कुल 10,842 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया, जोकि पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही की तुलना में 9.4 फीसदी अधिक है। बीती तिमाही की समाप्ति पर कंपनी की नकदी 90,540 करोड़ रुपए रही, जबकि उसका कुल कर्ज 83,982 रुपए रहा।
रिफाइनरी व पेट्रोकैमिकल का मुनाफा बढ़ा
कंपनी के रिफाइनरी व पेट्रोकैमिकल कारोबार के मुनाफे में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि केजी डी-6 क्षेत्र में उत्पादन घटने से गैस में उत्पादन में कमी आई। तिमाही के दौरान कंपनी ने कुल 1.77 करोड़ टन कच्चे तेल की प्रोसेसिंग की। इसके चलते बिजली और ईंधन पर खर्च बढ़ने के बावजूद कच्चे तेल की बिक्री से कंपनी ने पहली छमाही में 13.6 फीसदी की सालाना बढ़त के साथ 13,101 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।