पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पुलिस के लिए सिरदर्द बने राहुल खट्टा पर कई प्रदेशों का मिलाकर ढाई लाख रुपये इनाम घोषित हो गया है। खट्टा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान के गृह जिले में कोतवाली रामपुर और शाहबाद में भी लूट और डकैती की वारदात कर चुका है। पुलिस के रिकार्ड में राहुल खट्टा के खिलाफ सभी 32 मुकदमे संगीन धाराओं में दर्ज हैं।
गांव खट्टा प्रह्लादपुर थाना चांदीनगर बागपत निवासी राहुल ने चार साल पहले जानलेवा हमले के केस से जरायम में कदम रखा था। 2010 में गुंडा एक्ट लगा। आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और 110 जी यानी गुंडा अधिनियम में भी कार्रवाई हुई। इन सभी मामलों में वह दोष मुक्त हो गया। लेकिन इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
अपडेट नहीं है रिकॉर्ड
खट्टा के पीछे पड़ने का दावा करने वाली पुलिस के पास उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी अपडेट नहीं है। उस पर हत्या, लूट, डकैती और अपहरण की धाराओं में बागपत में 17, मेरठ में 3, रामपुर (यूपी) में 2, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में 1-1 और हापुड़ में दो मुकदमों सहित कुल 32 मुकदमे दर्ज बताए गए। लेकिन अभी इसमें हरियाणा और उत्तराखंड के मुकदमों का जिक्र नहीं है। बुधवार को दूसरे प्रदेशों के मुकदमों को खोजा जा रहा था।
चार राज्यों का है गुनहगार
राहुल खट्टा पर मेरठ से 50 हजार, दिल्ली से 50 हजार और हरियाणा व उत्तराखंड से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित होना बताया गया। पुलिस अफसरों के अनुसार यूपी शासन से खट्टा पर एक लाख का इनाम और बढ़ाने की संस्तुति की गई है, जो स्वीकार हो गई है। शार्प शूटर सुकरम पाल निवासी बागपत पर भी उत्तर प्रदेश से दो लाख का इनाम है। अन्य प्रदेशों का रिकार्ड पुलिस के पास है नहीं।
अक्खेपुर की ही मिली थी सूचना
गाजियाबाद के भट्ठा मालिक नवीन कंसल के अपहरण की सूचना जब आला अफसरों को लगी तो सभी टीमें एक्टिव हो गई थीं। पुलिस की मानें तो सर्विलांस में भी बदमाशों की लोकेशन हापुड़ से थाना सरधना के गांव अक्खेपुर की सामने आई थी। आईजी जोन आलोक शर्मा, डीआईजी रेंज रमित शर्मा और उनके पीआरओ अशोक शर्मा के अलावा एसएसपी ओंकार सिंह ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली थी।
डीआईजी से मिले परिजन
नवीन कंसल और उनके परिजनों ने बुधवार को डीआईजी ऑफिस पहुंचकर डीआईजी रमित शर्मा से मुलाकात की और सफल ऑपरेशन के लिए आभार जताया। डीआईजी ने बताया कि राहुल खट्टा को पकड़ने के लिए रेंज के मेरठ, बागपत, हापुड़ और गाजियाबाद को अलर्ट कर दिया गया है। रेंज स्तर पर हेल्पलाइन भी शुरू कराई जा रही है। इसमें लोग खट्टा या अन्य बदमाशों के संबंध में सूचना दे सकते हैं। रेंज के सभी जिलों की क्राइम ब्रांच से रिजल्ट मांगा गया है।