उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला क्षेत्र के एक गांव में खेत में घास काटने गई किशोरी के साथ गैंगरेप किया गया। इतना ही नहीं उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली और शिकायत न करने की बात कहकर आरोपी किशोरी को धमकाते रहे। मामला पंद्रह सितंबर का है। घटना के वक्त किशोरी के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे। उनके लौटने पर शुक्रवार को मामला थाने पहुंचा।
पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना क्षेत्र के गंगा पार के एक गांव में एक परिवार की 13 वर्षीय बेटी पंद्रह सितंबर की दोपहर अपनी चाची के साथ घास काटने के लिए खेत पर गई थी।
उस समय घर पर उसके दोनों भाई और भाभी थीं। माता-पिता दो दिन पहले ही रिश्तेदारी में गए हुए थे। किशोरी ने पुलिस को बताया कि घास काटते हुए उसकी चाची उड़द के खेत की ओर चली गईं। वह ईख के पास घास काट रही थी। उसी समय अकेला देखकर गांव के पांच युवक वहां आ धमके और उसे खींचकर ईख में ले जाने लगे।
पुलिस ने की पड़ताल
जब उसने चाची को आवाज देकर बुलाने का प्रयास किया तो युवकों ने उसका मुंह
दबा लिया। वहां तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाकी दो युवक अपने
मोबाइल से वीडियो क्लिप बनाते रहे। दुष्कर्म के बाद पांच युवक उसे वीडियो
क्लीपिंग सार्वजनिक करने की बात कह कर धमकाते हुए चले गए। किशोरी ने अपने
भाई और भाभी को मामले की जानकारी नहीं दी।
शुक्रवार की सुबह जब पीड़ित
माता-पिता रिश्तेदारी से लौटकर गांव आए तो किशोरी ने मामले से अवगत कराया।
इस पर पीड़ित माता-पिता संग परिजन और ग्रामीण किशोरी को साथ लेकर थाने
पहुंचे। सूचना पाकर पुलिस तत्काल हरकत में आई और गांव पहुंच कर जांच पड़ताल
की।
थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर
अशोक, सुभाष, रीनू, पवन और बब्बू के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो अधिनियम और
मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें अशोक, सुभाष और बब्बू
को गिरफ्तार कर लिया गया है। पवन और बब्बू ने वीडियो क्लिप बनाई थी।
शिकायत लेकर गए परिजनों से की मारपीट
किशोरी के भाई ने बताया कि माता-पिता जब शुक्रवार को गांव पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। इस पर वह परिवार के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। जहां उल्टे उसके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की।
गांव में किशोरी से गैंगरेप के बाद अश्लील वीडियो क्लीपिंग बनाने का मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान नहीं पहुंचा। इस बाबत जब पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी से मोबाइल पर बात हुई तो वह मामले को समझ नहीं पाये। वर्जन दिये जाने की बात पर उन्होंने कहा कि उन्होंने गुरुवार की रात कुछ मीडिया कर्मियों को वर्जन दे दिया है।
उनसे वर्जन ले लें। बता दें कि किशोरी से गैंगरेप की वारदात जरूर 15 सितंबर को हुई थी, लेकिन पीड़ित परिजन किशोरी को साथ लेकर थाने शुक्रवार को पहुंचे। क्योंकि वारदात से दो दिन पहले से किशोरी के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे।