राज्य में आधी आबादी को अपनी आबरू बचाना मुश्किल हो गया है। न घर में कोई सुरक्षित है न बाहर। न ही किसी को कानून का डर रह गया है। आगरा जिले में दो किशोरियों को हवस के भूखे भेड़ियों ने अपना शिकार बनाकर फिर अखिलेश सरकार के दावों को ठेंगा दिखा दिया।
पहली घटना जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र की है। जहां एक गांव में पड़ोस के ही युवक ने किशोरी को घर बुलाकर उसके साथ दुराचार किया। इस दौरान महिला समेत दो लोगों ने उसकी क्लिपिंग बनाई।
चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई है।
किशोरी को बुलाकर ले गया था पडो़स का युवक
आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव में एक ही जाति के तकरीबन 20 परिवार रहते हैं। शनिवार रात को गांव का ही पड़ोसी युवक गांव की ही किशोरी को बहाने से अपने घर बुलाकर ले गया। जहां उससे जबरदस्ती करने की कोशिश की।
इसी बीच पहुंचे युवक के भाई और भाभी ने भी किशोरी से मारपीट की। आरोप है कि महिला ने उसको पकड़ लिया। इसके बाद युवक ने दुराचार किया। इसी बीच युवक के भाई ने उसकी अश्लील क्लिपिंग भी बना ली।
आसपास के लोग घर पहुंचे तो आरोपी भागने लगे, लेकिन लोगों ने आरोपियों को दबोच लिया। किशोरी के परिवार के सदस्यों को सूचना दी। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कोचिंग जा रही छात्रा को अगवा कर गैंगरेप
दूसरी घटना जिले के ही खंदौली थाना क्षेत्र की है जहां कंप्यूटर सीखने जा रही एक छात्रा को तीन युवकों ने अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया। आरोपी पीड़िता को नहर किनारे फेंक कर भाग निकले। वहीं पुलिस मामला दर्ज करने के बजाय उसे टालने में लगी थी।
थाना खंदौली अंतर्गत नाऊ की सराय क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय पुत्री शनिवार दोपहर लगभग एक बजे कंप्यूटर की कोचिंग करने जा रही थी। वह फाउंड्री नगर डिपो के पास पहुंची ही थी कि बस्ती के रहने वाले दो युवकों के साथ महादेव नगर का एक युवक उसके पास आए और रुमाल सुंघा कर बेहोश कर दिया।
शाम तक जब बेटी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। रात लगभग साढ़े दस बजे परिजनों को किसी ने सूचना दी कि उनकी बेटी बम्बा के पास बेहोश पड़ी है।
बेहोशी की हालत में थाने लेकर पहुंचे परिजन
मौके पर पहुंचे परिजन बेटी की हालत देख हैरान रह गए। वह उसे बेहोशी की हालत में ही थाना खंदौली लेकर पहुंचे। पुलिस ने मामले को मारपीट का बताते हुए इमरजेंसी के लिए भेज दिया।
यहां होश में आने के बाद छात्रा ने अपनी मां को आपबीती बताई। उसने बताया कि तीनों युवकों ने अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया। इधर, रिपोर्ट दर्ज न होने की वजह से छात्रा का रविवार शाम तक मेडिकल नहीं हो सका था, जिससे रेप की पुष्टि हो पाती।
मामला मीडिया में उछलता देख पुलिस ने पीड़िता की तरफ से गैंगरेप की तहरीर ले ली है। इधर, बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा का पिता कुछ ही दिन पहले अपहरण के एक मामले में जेल से छूटकर आया है।