यूपी के आगरा में कश्मीरी बाजार की खास गली में संचालित कोठों पर पुलिस ने बुधवार को छापामारी कर पांच युवतियों को मुक्त कराया। तीन कोठा संचालिकाओं और दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली के रेस्क्यू फाउंडेशन को सूचना मिली थी कि यहां पश्चिम बंगाल की पांच नाबालिग लड़कियों को जबरन रखा गया है। उन्हें मुक्त कराने के लिए ही यह कार्रवाई की गई, लेकिन वे नहीं मिलीं। उनके बारे में जानकारी की जा रही है।
रेस्क्यू फाउंडेशन के संतोष सेधाई ने बताया कि पश्चिम बंगाल से पांच नाबालिग लड़कियों को लाकर आगरा में कोठों पर रखा गया है। उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेला जा रहा है। उनकी टीम ने पिछले दिनों रेकी करके इसकी पुष्टि की। बुधवार दोपहर 12 बजे संस्था ने पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद सीओ छत्ता बीएस त्यागी और छत्ता पुलिस के साथ तीन कोठों पर छापेमारी की गई।