अपराधियों के लिए किसी भी वारदात को अंजाम देने के बाद उससे साफ तौर पर बच कर निकल जाना काफी मुश्किल काम होता है। हालांकि कई मामले ऐसे होते हैं जिनमें पुलिस सालों साल अपराधियों तक पहुंचने में नाकाम रहती है और वे खुलेआम घूमते रहते हैं।
तो वहीं, बहुत से अपराधी होते हैं जो आसानी से बच जाते हैं लेकिन ऐसे कई मामले सामने आए जब अपराधियों ने वारदात को अंजाम देते वक्त ऐसी गलतियां कीं जिनके चलते उन्हें पकड़ लिया गया।
पढ़िए ऐसे ही 5 अपराधियों की कहानी जिनकी एक गलती ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
1: शरीर पर बनवा लिए मर्डर के टैटू
वारदात को अंजाम देकर उससे बचकर निकल जाने की हसरत हर अपराधी की होती है और वह यही सोचता है कि उसके पीछे कोई भी ऐसा सबूत न छूटे जिससे वह फंसे।
लेकिन लॉस एंजेल्स में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो वारदातों को अंजाम देने के बाद उससे जुडे़ टैटू अपने सीने पर गुदवा लेता था।
आरोपी एंथनी गार्सिआ को पुलिस ने तब गिरफ्तार किया जब वह निरस्त लाइसेंस का इस्तेमाल करके गाड़ी चलाता हुआ पाया गया। पुलिस ने उसे पकड़कर उसकी तस्वीर खींचीं तो उन्हें थोड़ा शक हुआ और उसके शरीर पर बने टैटुओं की गहराई से पड़ताल की गई।
पुलिस ने पाया कि उसके सभी टैटू और बीते दिनों में हुई तमाम घटनाओं में काफी समानता थी। दरअसल आरोपी ने हूबहू वैसे ही टैटू बनवाए थे जिस तरह घटना को अंजाम दिया।
2: जिससे चुराया उसी को बेचने लगा बाइक
सैन फ्रैंसिस्को में रहने वाले एक चोर को तब पुलिस ने गिरफ्तार किया जब वह एक चोरी की बाइक बेचने की कोशिश कर रहा था। दरअसल, आरोपी एक सीरियल चोर था और उसने कई बाइक व गाडियों के पार्ट चुराए थे।
दरअसल 57 वर्ष के मार्क मूरे नाम के व्यक्ति ने चोरी को ही अपना पेशा बना लिया और एक के बाद एक कई चोरियां कर डाली। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो उसके पास के करीब 10 मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अलावा गाडियों के पार्ट्स भी मिले।
आरोपी को पुलिस ने तब गिरफ्तार किया जब वह चोरी की एक बाइक को ऑनलाइन बेचने की कोशिश कर रहा था। यह उसका दुर्भाग्य ही था कि बाइक को खरीदने के लिए उसी व्यक्ति ने उससे संपर्क किया जिसके घर से उसने उसे चुराया था।
पीड़ित व्यक्ति को जब पता चला कि यह उसी की मोटर साइकिल है तो उसने पुलिस को सूचना दी और आखिरकार आरोपी चोर को पकड़ लिया गया।
3: कमाल की चोरनी, इंटरनेट पर डाला चोरी का वीडियो
सोशल साइट ने पुलिस की समस्याएं लगातार बढ़ाई हैं तो कई मामलों में उसका काम आसान भी किया है। पुलिस ने एक ऐसी चोरनी को गिरफ्तार किया जिसने बैंक लूटने के बाद एक कार चुराई और उसका वीडियो बनाकर यू-ट्यूब में डाल दिया ताकि दूसरे लोग भी उसका ये शातिर कारनामा देख सकें।
हालांकि पहले तो लोगों को यह लगा कि 19 साल की यह लड़की हन्ना सबाता यूं ही दुष्प्रचार कर रही है, लेकिन बाद में जब लोगों ने उसका पूरा वीडियो देखा तो दंग रह गए।
उसने बैंक लूट और कार चोरी का वीडियो यूट्यूब पर इसलिए डाला था ताकि लोगों को पता चल सके कि वह कितनी माहिर है ऐसे काम करने में और कभी भी इससे बड़ी वारदात को अंजाम दे सकती है।
हालांकि उसकी यह खुशी ज्यादा देर टिकी नहीं और वह पुलिस की नजरों में आ गई।
4: ऐसा बेवकूफ चोर शायद ही सुना हो आपने!
फिल्मों आपने अक्सर देखा होगा कि किसी दुकान या बिल्डिंग में चोरी करने पहुंचे बदमाश निकलने का रास्ता भूल जाते हैं या दरवाजा किधर खुलेगा इसमें भ्रमित हो जाते हैं। ऐसे दृश्य फिल्मों में ही होते हैं अगर आप ऐसे सोचते हैं तो बिल्कुल गलत हैं।
जेम्स एलन नाम के 28 वर्षीय व्यक्ति ने एक स्टोर को लूटने का प्लान बनाया और उसमें दाखिल होने की कोशिश की, लेकिन वह स्टोर के बाहर लगे दरवाजे को बाहर खींचने या अंदर धकेलने को लेकर इतना उलझ गया कि गुस्से में उसने सीसीटीवी कैमरे के सामने ही अपना मास्क उतार दिया और बंदूक लेकर स्टोर में दाखिल हो गया।
यह भी मजे की बात है कि 10 दिन पहले ही उसने उसी स्टोर को निशाना बनाया था, लेकिन दूसरी बार इस बात पर फंस गया कि दरवाजा कैसे खुलेगा। उसके इस काम ने ही उसे फंसा दिया।
5: जवान महिलाओं को निशाना बनाता था ये कुख्यात
सुंदर और जवान महिलाओं का अपहरण कर उनके साथ रेप करने और फिर उनकी हत्या करने वाले कुख्यात अपराधी टेड बंडी को 'लेडी किलर' के नाम से जाना जाता था।
उसे सबसे खतरनाक अपराधियों की श्रेणी में शामिल किया गया था और वह उन पीड़ित लोगों को समय समय पर देखता भी रहता था जिन्हें वह मार डालता था।
लगातार वारदातों को अंजाम देने के बाद भी वह पुलिस की पकड़ से दूर था, लेकिन एक दिन उसे यूटा के हाइवे पर पेट्रोलिंग कर रहे सार्जेंट ने देखा और उसकी हरकतों पर शक होने के बाद पीछा करना शुरू कर दिया।
उसने पीछा करते हुए उसकी कार के नजदीक पहुंचकर देखा कि आरोपी की कार की पिछली सीट पर चोरी का सामान और कई उपकरण भी पड़े थे। यह देखकर सार्जेंट को पूरा मामला समझ आ गया और उन्होंने अन्य साथियो की मदद से आरोपी को पकड़ लिया।
साभार: लिस्टवर्स डॉट कॉम