शादी में बारातियों को खाने में मटन बिरयानी की जगह चिकन बिरयानी परोस दी गई तो लड़के वालों ने शादी ही तोड़ डाली। इतनी छोटी सी बात के लिए दुल्हन के दरवाजे से बारात लौट जाए, ऐसा कभी सुना है आपने?
मामला बेंगलुरू शहर का है, जहां गोल्डन हेरिटेज शादी महल में दुल्हन सजधज कर अपनी जिंदगी के अरमान सजा रही थी। परिवार वालों की रजामंदी से हो रही इस शादी में दुल्हन पक्ष के सभी लोग तन-मन-धन से दुल्हा पक्ष के लोगों की हर मांग पूरी करने के लिए दिन रात एक किए हुए थे।
अचानक दुल्हा पक्ष के लोगों ने फरमाइश किया कि हम मटन बिरयानी खाएंगे जबकि दुल्हन पक्ष पहले से ही चिकन बिरयानी बना चुका था और वहीं परोसी जा रही थी। फिर क्या था, दुल्हा पक्ष भड़क गया।
दुबई में नौकरी करता है दूल्हा
गुस्सा इतना बढ़ गया कि दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन ने निकाह करने से इनकार कर दिया। दूल्हा पक्ष का कहना था कि उन्होंने बहुत छोटी सी मांग रखी थी, जिसे ल़डकी वालों ने नहीं माना।
उनका कहना था कि जब ल़डकी पक्ष के लोग इतनी सी बात पर तालमेल नही बिठा पाए तो आगे का रिश्ता कैसे चलता इसको लेकर आशंका थी। इस वजह से बारात लौट गई।
वहीं, दुल्हन का कहना था कि जब ससुराल पक्ष के लोग इतनी सी बात पर बिगड़ रहे हैं तो ऐसे घर में शादी करने से क्या फायदा। बताया जाता है कि दोनों ही परिवार शहर के तनेरी रोड क्षेत्र में रहते हैं और दूल्हा दुबई में नौकरी करता है।
अब मैं अपनी पढ़ाई पर फोकस करूंगी
दुल्हन का कहना है कि यह रिश्ता 20 दिन पहले तय किया गया था, उन लोगों को निकाह की बहुत जल्दी थी। कहते थे कि लड़का कुछ ही दिन की छुट्टी लेकर आया है और मीडिल ईस्ट वापस जाना है।
उनकी इस जल्दी के चलते हमें पहले से ही शक था लेकिन चिकन बिरयानी पर हुए बवाल के बाद उनकी औकात पता चल गई। अब दुल्हन का कहना है कि, मैं अपनी पढ़ाई पर फोकस करूंगी और शादी के बारे में अब कोई विचार नहीं है।
हालांकि बाद में इस मामले में ल़डकी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।