फेसबुक के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर अश्लील वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने दो करोड़ रुपये नहीं देने पर वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी दी है। परिजनों ने शहर कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
मामला शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार की लड़की का है। कई माह पूर्व युवती की सोनीपत निवासी युवक से फेसबुक पर बात हुई। जान पहचान गहरी होने के बाद युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।
युवती के घर का एड्रेस ले लिया। युवक नगर में उससे मिलने आया। होटल में ले जाकर अश्लील वीडियो क्लिप बना ली।
कई बार युवती से ले चुका है पैसे
इसके बाद युवती की दूसरी जगह पर शादी हो गई। युवक अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर धन मांगने लगा। दबाव में उसे धन दिया गया। इसके लिए वह कई बार नगर में आया।
बुधवार को आरोपी ने युवती से दो करोड़ रुपये की डिमांड की। असमर्थता जताने पर उसने क्लिप इंटरनेट पर डालने की धमकी दी। लड़की की लाख मन्नतों पर भी वह अपनी बात पर अडिग रहा।
इस पर युवती ने अपने परिजनों को पूरा मामला बताया। परिजनों ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी चमन सिंह चावड़ा ने कहा कि घटना की तहरीर आई है।
सोनीपत निवासी लड़के द्वारा लड़की के परिजनों को अश्लील फोटो इंटरनेट पर अपलोड कर रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
गैंग रेप कर वीडियो बनाया, फिर पूरे गांव में बांटा
यह मामला मुरादाबाद के गांव भगतपुर का है जिसमें एक किशोरी के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात हुई। गांव के चार युवकों ने एक माह पूर्व किशोरी को खेत पर जाते समय दबोच लिया और वारदात को अंजाम दिया।
गैंगरेप की वीडियो क्लिपिंग बनाकर चारों उसे ब्लैकमेल करते रहे। तीन दिन पहले जब किशोरी ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने क्लिपिंग सार्वजनिक कर दी। पूरे गांव में उसे बांट दिया।
बदनामी होने पर किशोरी परिजनों के साथ थाने पहुंची, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को एसएसपी के यहां गुहार लगाई, तब मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया।
कई बार बना चुका है हवस का शिकार
किशोरी के पिता का चार साल पहले देहांत हो गया था। वह अपनी मां के साथ गांव में रहती है। मां मेहनत मजदूरी करके परिवार चलाती है, जबकि किशोरी घर का काम संभालती है।
उसने बताया कि एक माह पूर्व शौच को जाते समय गांव के चार युवकों ने उसे खेत में खींचकर बलात्कार किया। चारों ने अपने मोबाइल में पूरी घटना की वीडियो रिकार्डिंग भी कर ली और किशोरी को दिखाते हुए उसे धमकाया।
आरोप है कि इसके बाद चारों उसे ब्लैकमेल करके हवस का शिकार बनाने लगे। तीन दिन पहले भी चारों ने खेत पर बुलाया। इंकार करने पर वीडियो क्लिप सार्वजनिक कर दी। ब्लूटूथ के जरिए गांव में बांट दी।
मामला घरवालों तक पहुंचा, तब परिजन पुलिस के पास पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने थाने से भगा दिया।
एसएसपी ने दिया कार्यवाई का भरोसा
बुधवार दोपहर परिजनों के साथ किशोरी कप्तान के दफ्तर पहुंची। क्लिपिंग भी दिखाई। तब एसएसपी ने भगतपुर एसओ को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाने पहुंचने पर चारों युवकों राहुल पुत्र टूनी, सूरजपाल पुत्र जयपाल, संजय पुत्र कुंदन, रवि पुत्र लटूर सिंह के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। पीड़ित किशोरी अलग समुदाय की है। लिहाजा, गांव में एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी गई है।
एसएसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। लापरवाह पुलिस वालों पर भी कार्रवाई होगी।