अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एके तिब्बिया कॉलेज अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती युवती से बलात्कार की कोशिश की गई। शोर मचाने पर चाकू दिखाकर उसे चुप करा दिया गया। पीड़िता ने जब अस्पताल प्रशासन से इस संबंध में शिकायत की तो उसे वहां से टरका दिया गया।
बाद में युवती की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में एएमयू के दो कर्मचारियों समेत तीन लोगों के खिलाफ 376, 511 एवं 506 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं तिब्बिया कॉलेज के प्राचार्य ने इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई है।
थाना गांधीपार्क क्षेत्र की रहने वाली युवती 27 जुलाई को इलाज के लिए तिब्बिया कॉलेज अस्पताल गयी थी। पर्चा बनाने के बाद उसे गायनी 3 नंबर बेड पर भर्ती कर लिया गया। युवती का कहना है कि उसके बेड के पास वसीम खान एवं मोहम्मद आदिल नामक कर्मी पहुंचे और बताया कि वह यहां बड़ी पोस्ट पर हैं। इलाज में कोई दिक्कत नहीं होने देंगे। इसके साथ ही फ्री इलाज एवं दवा उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर चले गए।