उत्तर प्रदेश में राजा का ताजपुर (बिजनौर) में मंगलवार रात बदमाशों ने ताजपुर में एक व्यापारी के परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर 62 हजार की नकदी व जेवर समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने दंपति के साथ मारपीट भी की। इस दौरान दंपति ने साहस का परिचय देते हुए दो बदमाशों की उंगलियां चबा लीं। लूटपाट के बाद बदमाश परिजनों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राजा का ताजपुर निवासी जयपाल त्यागी की बर्तनों की दुकान है। मंगलवार रात 11 बजे पांच बदमाश जीने के रास्ते होकर घर में घुस आए।
बदमाशों ने जयपाल, उनकी पत्नी बृजलता व पिता चुन्नी सिंह को गन प्वाइंट पर ले लिया और उनसे सेफ, संदूक की चाबी मांगी। पति-पत्नी के विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और गोली मारने की धमकी दी।
बृजलता ने चबा ली बदमाश की उंगली
इस दौरान बृजलता ने एक बदमाश की उंगली चबा डाली। गुस्साए बदमाशों ने बृजलता की बुरी तरह से पिटाई की। इस दौरान जयपाल ने भी एक बदमाश की उंगली चबा ली।
बदमाशों द्वारा वृद्घ चुन्नी सिंह को मारने की धमकी देने पर दोनों ने उन्हें चाबियां दे दीं। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल डाला और नकदी, चांदी व सोने के जेवर सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान लूट लिया।
जाते समय बदमाश तीनों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह उन्होंने बंधन मुक्त होकर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड की मदद से बदमाशों का सुराग लगाने से प्रयास किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित जयपाल त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कंट्रोल रूम में कोई नहीं उठाया फोन
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। मकान मालिक ने कहा कि सभी बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और वह स्थानीय भाषा ही बोल रहे थे।
घटना होने पर पीड़ित जयपाल ने दो बार पुलिस कंट्रोल रूम को 100 नंबर पर फोन किया लेकिन जवाब नहीं मिला। इसका जिक्र जयपाल ने तहरीर में भी किया है। जयपाल के मुताबिक कंट्रोल रूम का फोन न उठने पर उसने पुलिस चौकी पर घटना की सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।