वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवदासपुर में ज्योतिषी रवि तिवारी के घर पर आधी रात के वक्त देशी बम फेंकने की खबर है। अचानक हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार और पास पड़ोस के लोग दहशत में आ गए। घबराए लोगों ने आननफानन में सूचना मंडुवाडीह पुलिस को दी।
ज्योतिषी रवि की तहरीर पर पुलिस ने संत और बनारसी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज दोनों को हिरासत में ले लिया।
रवि ने बताया कि वे ज्योतिष केंद्र चलाते हैं और उनके परिवार का जनरल स्टोर भी है। गुरुवार की देर रात उनकी मां गीता, भाई अमित, अजीत, अभय और वो घर पर ही थे। इसी दौरान उनके ज्योतिष केंद्र और घर को लक्ष्य बनाकर बम फेंका गया। जिससे सभी लोग भयभीत हो गए।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही मंडुवाडीह पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। साथ ही, मामले में संत और बनारसी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई। रवि ने बताया कि उनके पिता सुदामा तिवारी की हत्या जमीन विवाद में ही की गई थी। विरोधी खेमे के लोग अब परिवार के लोगों को भयभीत कर जमीन हड़पना चाहते हैं।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष फरीद अहमद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद रवि की तहरीर पर दो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।