तमिलनाडु में एक पचास साल के अधेड़ ने नाबालिग लड़की से रेप किया। वृद्घ ने लड़की को अश्लील वीडियो दिखाकर अपनी हवस का शिकार बनाया और फिर धमकी भी दी।
घटना से लड़की इतनी डर गई कि उसने घर में भी कुछ नहीं बताया। उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। उसे राजाजी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में आरोपी के साथ उसके पांच साथी भी शामिल हैं उन्होंने रेप के बाद लड़की के परिवार को पुलिस के पास न जाने के लिए धमकियां भी दीं। आरोपी पर रेप के अलावा अन्य मामले भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शिकायत में कहा गया है कि मदुरै की यह घटना दो सितंबर की है। लेकिन लड़की को इतना धमका दिया गया था कि वह तब कुछ बता नहीं पाई। जब लड़की शुक्रवार को बीमार पड़ गई तो घर वालों को घटना का पता चला।
पुलिस ने बताया कि 15 साल की पीड़िता और उसकी मां आरोपी की फर्नीचर की दुकान में काम करते थे। दो सितंबर को आरोपी ने लड़की की मां को चाय लाने के लिए बाहर भेज दिया। मां के जाने के बाद वह लड़की को अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने लगा और जब लड़की ने विरोध किया तो उसके साथ रेप कर डाला।
उसने लड़की को किसी को कुछ न बताने की धमकी भी दी। इस पर सहमी हुई लड़की ने चुप रहना ही ठीक समझा और परिवार से बात छुपा ली। शुक्रवार रात लड़की की तबीयत बिगड़ गई और खून बहने लगा।
तब जाकर लड़की ने घर में इस घटना के बारे में बताया। पीड़िता इतनी डरी हुई थी कि घटना के बारे में बताते हुए वह बेहोश भी हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ रेप के बारे में पता चलने के बाद आरोपी के पांच साथियों ने लड़की के रिश्तेदारों को भी पुलिस के पास न जाने के लिए धमकाया। लड़की के घरवालों ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।