पलवल में एक लड़की स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी कि उसे कुछ युवकों ने अगवा कर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। इतना ही नहीं उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच युवकों के खिलाफ गैंगरेप समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार तक किसी भी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की पलवल के एक स्कूल में 10वीं की छात्रा है।
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा की मां ने कहा कि उनकी बेटी दो सितंबर की सुबह आठ बजे घर से स्कूल के लिए गई थी। वह ऑटो में बैठी और पलवल के सोहना चौक पर उतरी। वहां से पैदल ही स्कूल की ओर चली।
तभी शहर थाने के नजदीक अल्लिका निवासी प्रवीण व घुघेरा निवासी विवेक उसे जबरदस्ती उठाकर एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में डालकर ले गए। छात्रा ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका मुंह बंद कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि गाड़ी में घुघेरा निवासी ओमबीर, नरबीर व पंकज पहले से ही बैठे थे। पांचों युवक लड़की का अपहरण कर फरीदाबाद में एक कार्यालय के ऊपर बने कमरे में ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
जान से मारने की धमकी
दुष्कर्म के बाद युवती को दोपहर एक बजे के लगभग कमेटी चौक पर छोड़ दिया। जाते हुए युवकों ने छात्रा से मुंह खोलने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह वहां से वह घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ जाकर छात्रा ने पुलिस को बयान दिया। पुलिस ने बयान लिखकर छात्रा का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया, जिसमें चिकित्सकों ने दुष्कर्म की पुष्टि की।