भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा जब कुछ दिनों पहले साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में शिरकत करने अमेरिका जा रही थी तब उनके दिल में कुछ घाव और आंखों में आंखों थे।
यह घाव उन्हें उस विवाद ने दिए थे जिसके तहत उनके पाकिस्तान की बहू होने पर उनकी देशभक्ति और राष्ट्रीयता पर अंगुली उठाई जा रही थी।
हाल ही में सानिया को देश के नए राज्य तेलंगाना का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से देश में सियासी तूफान उठा खड़ा हुआ।
इस विवाद को राजनीतिक रंग देकर लोगों ने यह सवाल उठाया कि सानिया पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी शोएब मलिक की पत्नी हैं इसलिए उन्हें तेलंगाना का ब्रॉड एंबेसडर नियुक्त करना गलत है।
इस विवाद ने सानिया को बहुत तकलीफ पहुंचाई लेकिन इस विवाद को पीछे छोड़ते हुए सानिया ने शुक्रवार को यूएस ओपन मिक्स्ड डबल्क खिताब जीता।
सानिया ने इस खिताब को तेलंगाना और देश को समर्पित किया और उन लोगों को करारा जवाब दिया जो उनकी राष्ट्रीयता पर अंगुली उठा रहे थे।
ब्राजील के ब्रूनो सोआरेस के साथ यह खिताब जीतने वाली 27 वर्षीय सानिया ने कहा कि मैं काफी खुश हूं और ब्रूनो के साथ खिताब जीतना काफी अच्छा है।
हम पहली बार साथ खेले और उनके साथ पिछले दो हफ्ते काफी अच्छे रहे। मैं इस जीत को भारत के सभी लोगों, अपने देश, अपने राज्य तेलंगाना और तेलंगाना के सभी लोगों को समर्पित करती हूं। मैं वास्तव में काफी खुश हूं। ’
इस बीच जब सानिया से पूछा गया कि यूएस ओपन के दौरान क्या विवाद उनके दिमाग में था तो भारतीय स्टार ने कहा, ‘मेरा मानना है कि हमें आगे देखना चाहिए और अपना ध्यान कोर्ट पर केंद्रित करना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि हमें नकारात्मक चीजों पर फोकस करना चाहिए।’
सानिया भारत की पहली महिला टेनिस खिलाड़ी और महेश भूपति तथा लिएंडर पेस के बाद ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली देश की तीसरी खिलाड़ी हैं।
सानिया ने कहा कि फ्रेंच ओपन के दूसरे राउंड में बाहर होने और फिर विंबलडन के तीसरे राउंड में बाहर होने के बाद उन्होंने रोमानिया के होरिया तेकाउ के साथ जोड़ी तोड़ने का फैसला कर लिया था।
उन्होंने कहा कि विंबलडन में हार के बाद मैंने ब्रूनो के साथ जोड़ी बनाने की कोशिश शुरू कर दी थी।
हम विंबलडन के बाद मिले और उन्होंने मुझसे कहा कि हम साथ खेल सकते हैं। मेरे और ब्रूनो के अलग-अलग जोड़ीदार थे। हमने एक-दूसरे को मैसेज किए, एक-दूसरे से बात की और फिर एक नई जोड़ी बनी।