भारत के हाथों ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप सुपर-8 के मैच में मिली करारी शिकस्त के बाद अब पाकिस्तान टीम विजयी रथ पर सवार ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेंगी। सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए ग्रुप-2 के इस मैच में पाकिस्तान को हर हाल में ऑस्ट्रेलिया पर जीत दर्ज करनी होगी। लेकिन लगातार शानदार क्रिकेट खेल रही ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को थामना पाक के लिए आसान नहीं होगा।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों ही क्षेत्रों में फिसड्डी साबित हुई। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया इन तीनों ही क्षेत्रों में दर्जे का प्रदर्शन कर रही है। पाकिस्तान को जीत हासिल करने के लिए शेन वाटसन को किसी भी हाल में रोकना होगा जो गेंद और बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले दो मैचों में वाटसन ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे हैं।
डेविड वार्नर और माइकल हसी भी शानदार बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों में खौफ पैदा कर रहे हैं। हालांकि आंकड़ों पर नजर डाले तो मुकाबला बराबरी का है। दोनों टीमों ने कुल 10 मैच खेले हैं जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने चार जीते हैं और पांच गंवाए हैं। वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान भारी रहा है और तीन मैचों में से ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक जीत सका है। ऐसे में पाकिस्तान एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया को हराने की उम्मीद कर सकता है।