ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन की परफॉर्मेंस को देखते हुए पाकिस्तानी कोच डेव व्हाटमोर ने मजाक करते हुए कहा कि उनकी टीम को या तो वाटसन के खाने में जहर मिलना होगा या फिर उम्मीद करनी होगी कि वह मंगलवार के अहम मुकाबले में अच्छा न खेलें। इस वर्ल्ड कप में वाटसन 234 रन और 10 विकेट से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। पाकिस्तानी टीम मंगलवार को सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी और आक्रामक वाटसन टीम के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बने हुए हैं।
बकौल व्हाटमोर, ‘हमें शायद वाटसन के खाने में जहर मिलाना होगा। हंसी मजाक छोड़ो, वह भी इंसान ही है और हमें उम्मीद है कि वह गलती करेगा।’ वाटसन अभी तक चार बार मैन ऑफ द मैच रहे हैं और अकेले ही ऑस्ट्रेलियाई अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। पाकिस्तानी टीम रविवार रात भारत से 8 विकेट से हार गई, जिससे उसका अभियान खतरे में पड़ गया है।