अरजुंदा थाना क्षेत्र के कुर्दी गांव में भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का डिस्क बदलते समय यह हादसा हुआ है। मृतक युवक का नाम तुलेश मानिकपुरी (25) पुत्र गयादास मानिकपुरी निवासी कोंगनी बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं, जिस ट्रैक्टर का टायर फटा उसके मालिक का नाम देरहु राम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर के टायर जिसमें लगे होते हैं वह डिस्क बंद हो चुका था, जिसे बदलने के लिए उसे खोला जा रहा था। तीन बोल्ट खोल दिए गए थे। इसी दौरान टायर में अचानक ब्लास्ट हुआ और युवक लगभग 25 फीट दूर जा गिरा। उसके दोनों हाथ टूट गए और कुछ मिनटों में उसकी मौत हो गई।
गांव के सरपंच संजय साहू ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि हादसा भयानक था। देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए और इसकी आवाज दूर तक गूंजी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि टायर के ब्लास्ट होने के कारण उसके सीने में भी जोर का दबाव पड़ा, जिसके कारण मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया।