बास तहसील के गांव पुट्ठी के जुई फीडर से शनिवार को एक युवक का शव मिला। युवक के शव को ढूंढते-ढूंढते उसके परिजन पुट्ठी जुई फीडर नहर पर पहुंचे तो उन्होंने 25 वर्षिय रिम्पी भाटिया का शव दिखाई दिया।
जिसके बाद उन्होंने सफीदों पुलिस को फोन कर सूचना दी तो सफीदों पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया लेकिन डॉक्टरों ने शव की हालात को देखते हुए उसे अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए रैफर कर दिया। जहां पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला
परिजनों द्वारा पुलिस को दी जानकारी के अनुसार 24 सितम्बर की रात से ही रिपीं भाटिया घर से लापता हो गया था। उन्होंने इसकी शिकायत सफीदों पुलिस को दी। परिजनों के अनुसार रिंपी भाटिया और उसकी पत्नी पायल में अकसर झगड़ा होता रहता था। 25 सितम्बर को सुबह दस बजे पायल भी घर से गायब हो गई। उसके बाद दोनों का कोई अता-पता नहीं चल रहा था। पुलिस ने दोनों के गुमशुदगी होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लगा तो पुलिस ने शक के आधार पर सफीदों निवासी परमजीत उर्फ करण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला हत्या का निकला। परमजीत ने पूछताछ में बताया कि रिंपी की पत्नी पायल ने ही उसकी हत्या करवाई है। उसने अपने दोस्त हैप्पी को पानीपत हत्या करने के लिए बुला लिया था।
रिंपी की पत्नी से फोन पर संपर्क होने के बाद रिंपी की पत्नी पायल 24 सितम्बर की रात्रि किसी से मिलवाने की बात कहकर उसे बाइक पर लेकर घर से करीब तीन किलोमीटर दूर ले गई। जहां पर उरलाना के पास पत्नी और उसके प्रेमी परमजीत व दोस्त हैप्पी ने मिलकर ईंटों से वारकर हत्या कर दी और शव को बुटाना नहर फेंक दिया। सफीदों पुलिस ने मृतक रिंपी की पत्नी पायल, उसके प्रेमी परमजीत उर्फ करण और पानीपत निवासी परमजीत के दोस्त हैप्पी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन से शव का तलाश रही थी पुलिस :
रिंपी की हत्या होने की आशंका पर पुलिस पिछने दो दिनों से उरलाना के पास शव को तलाश कर रही थी। शव पांच दिन बाद बास तहसील के गांव पुट्ठी से जुई फीडर नहर से शव बरामद हुआ। रिंपी की मां शांति ने बताया कि उसकी शादी करीब छह साल पहले हांसी में की थी।
इसके बाद पायल को दो लड़किया हुई। पायल द्वारा अज्ञात युवकों से फोन पर बात करने को लेकर पति-पत्नी में अकसर झगड़ा होता रहता था। परमजीत पायल के पड़ोस में अपने मामा के घर आता-जाता रहता था। इससे दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
सफीदों थाना प्रभारी, धर्मबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी पायल, प्रेमी परमजीत व पानीपत निवासी उसके दोस्त हैप्पी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।