पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच बाइक बरामद की हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के दमोह जिले से पुलिस ने तीन ऐसे बाइक चोरों को पकड़ा है, जो काफी शातिर हैं। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए ये बाइक का चेचिस नंबर हटा देते थे, जिससे बाइक की पहचान मुश्किल हो जाती थी। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार दमोह की कोतवाली पुलिस ने तीन बाइक चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जिनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। कोतवाली टीआई विजय राजपूत ने बताया कि कुछ समय से दमोह शहर से बाइक चोरी के मामले सामने आ रहे थे। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कुछ दिन पहले ही उन्हें मानस भवन के पास एक संदेही युवक मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी की बात कबूल कर ली। साथ ही अपने साथियों के नाम बताए। उसकी निशानदेही के बाद सभी तीनों आरोपियों वीरू पिता शंकर अहिरवार (24) किशुनगंज दमोह, कृष्णा पिता शोभादास विश्वकर्मा निवासी वरखेड़ा दुर्गादास, जाकिर अली पिता जाफर अली (32) निवासी नरसिहगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
राजपूत ने बताया कि आरोपियों से चोरी के संबंध में पूछताछ की है। उनके कब्जे से पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है और सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। टीआई ने बताया कि यह आरोपी बाइक चोरी करने के बाद उन्हें निजी उपयोग में लाते थे और बाइक की नंबर प्लेट और चेचिस नंबर भी मिटा देते थे।