अयोध्या पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने मंगलवार को कहा कि साढ़े चार सौ वर्षों के हिंदुओं के संघर्ष व चार लाख पूर्वजों के बलिदान के बाद अब अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण होने जा रहा है। मंदिर बनने का यश संघर्ष करने वाली पीढ़ियों, 100 करोड़ हिंदुओं, बलिदानी कारसेवकों व नेतृत्व करने वाले संतों को जाता है।
उन्होंने इशारों में विहिप, भाजपा व न्यास पर सवाल उठाते हुए कहा कि वैष्णाचार्य, शंकराचार्य व अखाड़े राममंदिर का निर्माण कराएं। इसे राजनीति का अखाड़ा न बनाएं और राजनीतिज्ञों को ट्रस्ट से दूर रखा जाए।
डॉ. तोगड़िया ने कहा कि राममंदिर तो अब बनने ही वाला है, देश की जनता को रामराज्य का भी इंतजार है। राममंदिर निर्माण का हमारा लक्ष्य पूरा होने को है। अब अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राममंदिर से लेकर रामराज्य तक का लोकतांत्रिक अभियान छेड़ेगी।
इसके जरिए महंगाई मुक्त भारत, महिलाओं को सुरक्षा, कर्ज मुक्त किसान, रोजगार युक्त युवा हो, यही हमारा लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर का मॉडल कैसा होगा इसका निर्णय सहयोग करने वाले लोगों पर छोड़ दें। इतना जरूर है कि सवा-सवा रुपये और पूजित रामशिला का भी राममंदिर के निर्माण में प्रयोग की व्यवस्था हो ताकि करोड़ों हिंदुओं को यह लगे कि राममंदिर निर्माण में उनका भी योगदान है।
राम जन्मभूमि न्यास के राममंदिर बनाने की मांग पर तोगड़िया ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत उन्हें भी अपनी बात रखने का हक है। राममंदिर निर्माण की बाधाएं सुप्रीम कोर्ट ने दूर कर दी हैं। ट्रस्ट निर्माण की बाधाओं को भी सुप्रीम कोर्ट दूर कर देगा। इस दौरान महंत परशुराम दास, महंत पवन दास शास्त्री, जितेंद्र शास्त्री, दिलीप महाराज आदि मौजूद रहे।