विशुनगढ़। पिछले 15 दिनों से बुखार से जूझ रहे युवक ने शुक्रवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक का शव जब गांव पहुंचा, तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देर शाम परिजनों ने गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के ग्राम डेरा जोगी निवासी राजेश नाथ का पुत्र सनी (20) को लगभग 15 दिन पहले बुखार आया था। स्थानीय चिकित्सकों से उपचार के बाद जब कोई फायदा नहीं हुआ, तो परिजन उसे कानपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने दिमागी बुखार बताकर उसका इलाज शुरु किया। चार-पांच दिन तक इलाज होने के बाद भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे सैफई मेडीकल कालेज ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटीलेटर पर रख दिया।
गुरुवार शाम उपचार के दौरान सनी की मौत हो गई, जिससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिजन शुक्रवार सुबह शव को गांव लाए। सूचना मिलते ही मृतक के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि सनी बेहद ही होनहार और सौम्य स्वभाव का युवक था। देर शाम परिजनों ने गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.कृष्णस्वरूप ने बताया कि किसी ने दिमागी बुखार से मौत के बारे में सूचना नहीं दी है, फिर भी स्वास्थ्य टीम को भेजकर गांव में जांच करवाई जाएगी।