राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा कालेज मार्ग पर हुए सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से एक की हालत में सुधार न होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला हादसा हाइवे पर हटली चौकी के पास हुआ।
ट्रक (जेके08डी-9481) पीछे की तरफ आ रहा था। ट्रक चालक को ट्रक के पीछे खड़े युवक का पता नहीं चला और युवक ट्रक के नीचे आ गया। घायल युवक की पहचान दीपक शर्मा निवासी खरोट के रूप में हुई है। उसे फौरन उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन टांग में गंभीर चोट के चलते उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा कालेज मार्ग पर पटेल नगर के पास हुआ, जब बाइक सवार रजत शर्मा निवासी थीन कालीबड़ी की ओर मुड़ने के चक्कर में डिवाइडर के साथ जा टकराया। डिवाइडर के साथ टकराने से रजत को बाजू और कंधे में चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद डाक्टरों ने रजत को अपनी निगरानी में रखा है।