हाईस्कूल की छात्रा को प्रेमी के साथ देखकर घरवाले भड़क उठे। आरोपी इंटर के छात्र को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने जहर पीकर जान देने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने लड़के पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय लड़की हाईस्कूल की छात्रा है। उसका गांव के एक इंटर के छात्र संग प्रेम-प्रसंग चल रहा है। छात्रा ने बताया कि उसके बुलाने पर ही छात्र घर पहुंचा था। परिवार के लोग रात करीब तीन बजे शादी समारोह से लौटकर आ गए और परिजनों ने बेटी के साथ छात्र को पकड़ लिया। छात्र की जमकर पिटाई की। छात्रा ने विरोध किया तो उसे भी पीटा। परिजनों ने छात्रा से दुराचार का आरोप लगाते हुए आरोपी छात्र को पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस आरोपी छात्र को लेकर जाने लगी। इस पर घर में छात्रा ने कीटनाशक पी लिया। यूपी 100 पीआरवी के प्रभारी केशवचंद्र ने छात्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया। कई घंटे बाद रिश्तेदार व परिजन पहुंचे। छात्रा ने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। वह परीक्षा में फेल हुई है। छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपी बेटी को शादी का झांसा दिए था। इसी बहाने से बेटी का शारीरिक शोषण करता रहा है। सीओ रामप्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पीड़िता नाबालिग है। तहरीर के मुताबिक कार्रवाई होगी।
-----------------------------
आतिशबाजी के विरोध पर ग्रामीण के घर पथराव
आतिशबाजी से दरवाजे पर आग लगाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बहुआ।
बारात की अगवानी में आतिशबाजी के दौरान रविवार रात एक ग्रामीण के दरवाजे पर लगे कूड़े के ढेर में आग लग गई। इससे बारातियों से उसकी नोकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि गांव में पथराव शुरू हो गया। ग्रामीण ने बारातियों पर घर में पथराव करने का आरोप लगाया है।
ललौली थाना क्षेत्र के ओती गांव निवासी अशोक द्विवेदी की बेटी की बारात असोथर थाने के सातों नरैनी गांव से आई थी। देर रात को अगवानी हो रही थी। बराती डीजे में थिरकते और आतिशबाजी छुड़ाते जा रहे थे। तभी कल्लू सिंह के दरवाजे पर आतिशबाजी से आग लग गई। कल्लू सिंह ने आतिशबाजी करने से रोका। उसका आरोप है कि तभी गांव के कुछ लोगों और बारातियों से नोकझोंक चालू हो गई। बारातियों ने कल्लू सिंह के मकान में पथराव कर दिया। हमलावर मौके से फरार हो गए।
दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर पथराव करने वाले फरार हो गए। कार्यवाहक एसओ मुमताज खान ने बताया कि कल्लू का गांव में जमीन का दूसरे पक्ष से विवाद है। उसी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पथराव की सूचना में दम नहीं है।