जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कहा कि जिले की हर प्रकार की संभावनाओं का उपयोग करना चाहिए। सरकारी व्यवस्थाओं को एक पटल पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। समन्वय से उद्यमियों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इससे पहले उप निदेशक प्रीति श्रीवास्तव ने पर्यटन विभाग, टाउन प्लानर मनोज कुमार ने विकास प्राधिकरण की आगामी योजनाओं और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही वाराणसी में निवेश प्रस्ताव देने वाले दस उद्यमियों को समझौता पत्र और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश सिंह ने निजी औद्योगिक क्षेत्र बसाने के लिए पांच एकड़ जमीन मुहैया कराने की मांग रखी। अजगरा विधायक टीराम ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए सिंगल विंडो बनाने की बात कही तो कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि निवेश के प्रस्तावों से सरकार को संबल मिला है। जिले के विकास का खाका तैयार है। धीरे-धीरे और परिवर्तन देखने को मिलेगा। इस मौके पर वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल, सीडीओ हिमांशु नागपाल, संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश सिंह व उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।