पनेशिया और पनेरा बॉयोटेक इंप्लाइज यूनियन (एटक) लालड़ू के वर्कर्स ने सोमवार को डेराबस्सी में मार्च निकाला और तहसील कांप्लेक्स के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधक, पंजाब सरकार और हलका विधायक एनके शर्मा खिलाफ नाराजगी जताई। एटक के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम शिव कुमार को ज्ञापन सौंपा।
पंजाब एटक के प्रधान बंत सिंह बराड़ ने कहा कि पनेशिया एंड पनेरा कंपनी के वर्कर्स ने प्रबंधकों से वेतन में बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन प्रबंधकों ने गैरकानूनी ढंग से यूनियन के सभी वर्कर्स को कंपनी से बाहर निकाल दिया। यह वर्कर्स दो साल से अपनी बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सियासी पार्टियों के नुमाइंदे, पंच सरपंच आदि हलका विधायक को अपना मांग पत्र सौंप चुके हैं, लेकिन यह लोग वर्कर्स की बजाय कंपनी प्रबंधकों की ही मदद कर रहे हैं। पंजाब एटक के उपप्रधान विनोद चुघ ने कहा कि अगर अकाली-भाजपा सरकार मजदूरों की मांगें नहीं मानती है तो एटक पूरे हलके गांव में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेगी। इस दौरान पनेशिया वर्कर्स के साथ हो रही नाइंसाफी के बारे लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मजदूरों के समर्थन में पहुंचे पंजाब कांग्रेस के महासचिव दीपइंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सभी सियासी दलों को पार्टीबाजी से ऊपर उठकर बेरोजगार हुए वर्कर्स का साथ देना चाहिए। इस मौके पर लोक भलाई संस्था लालड़ू के प्रधान हरविंदर सिंह झरमड़ी ने कहा कि आम लोग बुनियादी सहूलियतों के लिए तरस रहे हैं। कामरेड जसवंत सिंह, कामरेड भूपिंदर सिंह जंडली, मास्टर करमचंद घोलूमाजरा, एडवोकट जसपाल सिंह दप्पर, सीपीआई के तहसील सेक्रेटरी अवतार सिंह दप्पर, यूनियन के प्रधान जसमेर सिंह राणा, जनरल सेक्रेटरी पवन कुमार शर्मा, कैशियर रमन कुमार, उप प्रधान जसबीर सिंह और पंजाब जल स्रोत के नेता गुरनाम सिंह ने भी संघर्ष को पूरा सहयोग देने की बात कही।