हरिद्वार कुंभ से पहले वृंदावन में आयोजित होने वाली कुंभ बैठक की तैयारियों में अब अधिकारी जुट गए हैं। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद शासन स्तर से जारी दिशानिर्देशों पर काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को इसकी समीक्षा के लिए मंडलायुक्त मथुरा आ रहे हैं।
वर्ष 2021 में वृंदावन में कुंभ बैठक का आयोजन होना है। दो दिसंबर को इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा की थी। प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर यहां व्यवस्थाएं करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसे देखते हुए अब सभी विभाग अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
बृहस्पतिवार को बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ नगेंद्र प्रताप ने वृंदावन मेला स्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा ब्रज तीर्थ विकास परिषद और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों की टीम ने बेलवन, डांगौली, पानीगांव रोड आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला की व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया।