मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों के लिए खुशखबरी है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मजदूरों को साल में 120 दिन काम मिलेगा।
इस बारे में ग्रामीण विकास विभाग ने अधिसूचना जारी की है। जयराम सरकार ने 2018-19 के वार्षिक बजट में 100 दिन से बढ़ाकर 120 दिन मनरेगा मजदूरों को रोजगार देने की घोषणा की थी, जिस बारे अब ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिला परियोजना अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बता दें कि अप्रैल से ही प्रदेश सरकार ने मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाकर 179 से 184 रुपये कर दी है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में दिहाड़ी 224 से 230 रुपये की गई है। अब 20 दिन के रोजगार और देने से लोगों को राहत मिलेगी।
उधर, डीआरडीए कांगड़ा के परियोजना अधिकारी मुनीष कुमार ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को साल में 120 दिन रोजगार देने के निर्देश मिले हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।