युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह मानते हैं कि हिमाचल में काफी खेल प्रतिभाएं हैं। मगर इन्हें निखारने की जरूरत है।
उनका कहना है कि बेटा युवराज हिमाचल में अपनी एक क्रिकेट अकादमी खोलने की तैयारी कर चुका है जिससे यहां के युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
योगराज सिंह मान मूवीज के बैनर तले बन रही पंजाबी फिल्म छल्ला की शूटिंग के सिलसिले में इन दिनों हिमाचल आए हुए हैं। योगराज सिंह ने कहा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री देश सहित विदेशों में पर धूम मचा रही है।
इंडस्ट्री में नए युवाओं को मौका मिल रहा है। हमारे समय में पंजाबी फिल्मों को प्रमोट करने का कोई साधन नहीं था। फिल्मों के लिए बजट का भी अभाव होता था।
युवराज है दमदार खिलाड़ी
आज के दौर में पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में काफी बदलाव आया और बडे़ बजट की फिल्में बन रही हैं। योगराज ने कहा कि हर तरह का रोल करना उनका जुनून है। क्रिकेट भी उनका जुनून रहा है।
उन्होंने अपने पुत्र और क्रिकेटर युवराज सिंह के बारे में कहा कि युवराज जैसा क्रिकेटर न तो पहले कभी भारत को मिला है न मिलेगा। युवराज ने 85 से अधिक मैच अपने दम पर जिताए हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल हारने के बाद लोगों ने हमारे घर के शीशे और गाड़ियां तोड़ दीं, लेकिन यह भी दर्शकों का प्यार ही है।