राज्यपाल द्वारा जनजातीय अध्ययन एवं विकास केंद्र का उद्घाटन किया गया, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के एकता शिविर का भी शुभारंभ किया गया
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने आज देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर में जनजाति अध्ययन एवं विकास केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र जनजातीय समाज के वीर नायकों के देश के प्रति बलिदान को नए फलक पर स्थापित करेगा। साथ ही यह केंद्र वनवासी समाज की संस्कृति, मान्यताओं और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय भूमिका निभाएगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकता शिविर का उद्घाटन करते हुए प्रतिभागियों को भी संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ें-लिखें, खूब आगे बढ़ें पर सदैव अपने माता-पिता और मातृभूमि का ध्यान रखें। शिक्षकों से कहा कि वे छात्रों को शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभक्ति का भाव भी दें।
विज्ञापन
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता वैभव सुरंगें और राष्ट्रीय अनुसूचित जन जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान ने भी संबोधित किया। विश्वविद्यालय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी एवं कुलसचिव अजय वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर रेणु जैन सहित राष्ट्रीय सेवा योजना एवं विश्वविद्यालय के अन्य प्रोफेसर्स, विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी एवं विद्यार्थी गण उपस्थित थे।