चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। चोर खुली चुनौती दे रहे हैं। शनिवार की रात चोर एक डाक्टर के घर से 35 लाख रुपये उड़ा ले गए। लाखों के गहने भी चोरी हुए हैं। डाक्टर की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।रिहाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी रतन सिंह के अनुसार अंबफला में रहने वाले डाक्टर कुलभूषण खजुरिया के घर में चोरी हुई है।
डाक्टर ने पुलिस को बताया कि घर से 35 लाख रुपये और लाखों के गहने चोरी हुए हैं। वारदात रात दो से चार बजे के बीच हुई। घर में सभी लोग सो रहे थे। सुबह जागे तो सामान बिखरा पड़ा था। तिजोरी टूटी थी। रुपये और नकदी गायब थी। पुलिस ने एफएसएल की टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं। अभी कोई सुराग नहीं मिला है।
पिछले दस दिनों में यह चोरी की 15वीं घटना है। यह अब तक की सबसे बड़ी नकदी की चोरी है। चौकी प्रभारी का कहना है कि दो हफ्ते पहले डाक्टर के घर पर कुछ लोगों ने टाइल लगाने का काम किया था। पुलिस को शक है कि यह लोग चोरों को सुराग देने वाले हो सकते हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए इन लोगों को हिरासत में लिया है।