मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 17 जनवरी से कांगड़ा जिले के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री पहले चरण में 9 दिनों तक कांगड़ा जिले के 8 विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। 17 जनवरी को सुबह 9 बजे शिमला से हेलीकॉप्टर से धर्मशाला के लिए रवाना होंगे तथा 9:40 पर पुलिस मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले बीएड कॉलेज धर्मशाला के नव निर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुलिस मैदान में कांगड़ा, चंबा और ऊना जिला के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों को शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री धर्मशाला-मैक्लोडगंज रोप-वे का शिलान्यास भी करेंगे। दाड़ी में जनजातीय भवन का उद्घाटन, फतेहपुर-सुक्कड़-मसरेहड़-मटौर सड़क विकास कार्य का शिलान्यास, नियारा-सोकणी- दा-कोट पेयजल योजना का भी शिलान्यास करेंगे।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा
18 जनवरी को मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पंहुचेंगे। शाहपुर के घरोह-सैर-नौर पेयजल योजना के सुधारीकरण एवं विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास, टुंडू और ठारू गांव के लिए उठाऊ पेयजल योजना, शाहपुर में एचपीटीसीएल कार्यालय क उद्घाटन, तहसील कल्याण कार्यालय भवन की आधारशिला, दरीणी कूहल के सुधारीकरण कार्य के अलावा उप-तहसील दरीणी के भवन की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान शाहपुर तथा बोह-दरीणी में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री 19 जनवरी को बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जाएंगे। मुख्यमंत्री प्रात: 10:30 बजे घोरी पुल दियोल में पुलों की आधारशिला रखेंगे। दोपहर बाद 1:50 बजे मुख्यमंत्री बैजनाथ में अग्निशमन केंद्र तथा पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान के भवन की आधारशिला भी रखेंगे। इस दौरान दियोल तथा बैजनाथ में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
पालमपुर विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री 20 जनवरी को पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दिन मुख्यमंत्री प्रात: सुगल-सरसावा सड़क पर पुन खड्ड पर बने पुल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री बनूरी खास पेयजल योजना की आधारशिला रखने के उपरांत रठां-रोपा सड़क का भूमि पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री पंडतूहल कूहल के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ करने के बाद मौलीचक-चंदरेहड़ पेयजल योजना का शिलान्यास रखेंगे। इसके बाद एसएसबी कैंप से राष्ट्रीय उच्च मार्ग पालमपुर से वाया सुघर-आईमा-लोहना सड़क का भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद सिविल अस्पताल पालमपुर में 50 बिस्तरों के विस्तारीकरण के लिए जनरल वार्ड के निर्माण कार्य का शिलान्यास रखेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पालमपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
देहरा विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री 22 जनवरी को अपने अगले दौरे पर देहरा विधानसभा क्षेत्र जाएंगे। मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे जीन से बनाह वाया कुम्भ्कर करोटी सड़क तथा लूहंड खड्ड पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद बलेहड़ खड्ड, सिहुन खड्ड तथा गरली खड्ड पर बने पुलों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री तहसील रक्कड़ में भड़ोली जादिद में बिजली बोर्ड के 33 केवी उपकेंद्र का उद्घाटन भी करेंगे। सुभाषनगर और तियामल गांवों के लिए अलग से बनी पेयजल योजना का उद्घाटन, डाडासीबा में बनी पुलिस चौकी का उद्घाटन तथा कस्बा कोटला के लिए पेयजल योजना का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री रक्कड़ में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री 23 जनवरी को सुबह लोक निर्माण विश्राम गृह में देहरा में जनससमयाएं सुनने के बाद ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान गुलेर और खैरियां गांव के लिए पेयजल योजना का शिलान्यास करेंगे तथा गुलेर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री कोटला में उप-तहसील भवन का शिलान्यास तथा जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कोटला में दोपहर बाद 3:30 बजे मुख्यमंत्री ज्वाली में स्टेडियम का शिलान्यास, सीएचसी भवन ज्वाली का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
ज्वाली-फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र
मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान 24 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे राजा का तालाब में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी पर बने पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ब्यास नदी पर ही बनने वाले पुल का शिलान्यास भी करेंगे। 4 बजे जखबड़ में मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।