हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र उमेश लुबाना ने दृष्टिहीन होने पर भी नेट की परीक्षा उत्तीर्ण कर दी है। उमेश ने यूजीसी की राजनीति शास्त्र में नेट क्वालीफाई किया है। उमेश विश्वविद्यालय में वर्तमान में द्वितीय सत्र का छात्र है, और पहले सत्र में वह क्लास का टॉपर रहा है।
दसवीं और जमा दो बोर्ड की परीक्षा 81 फीसदी अंक के साथ पास की। पढ़ाई को जारी रखने का मजबूत इरादे ने उमेश को सफलता दिलाई है। उमेश का कहना है कि उन्हें उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव और विवि के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डा. रमेश चौहान ने पूरा सहयोग दिया।
उपलब्धि के लिए दोस्तों को भी श्रेय देना नहीं भूलता। बहन गरिमा सिंह सूर्य और अन्य दोस्तों ने उसकी पढ़ाई करने में पूरी मदद की, परीक्षा में राइटर भी बने। उमेश कहते हैं कि वे यूजीसी की जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए प्रयास कर रहे हैं। वे प्रोफेसर बनना चाहते हैं। उनके शिक्षक प्रो. रमेश चौहान ने उमेश को बधाई दी है।
नाहन के रहने वाले हैं उमेश
उमेश लुबाना मूलत: नाहन के रहने वाले हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी। बीए की डिग्री नाहन कॉलेज से की। पिता कारोबारी, माता सरकारी कर्मचारी हैं।
ऐसे करते हैं पढ़ाई
उमेश ने पढ़ाई की राह को आसान करने के लिए उमंग फाउंडेशन अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। जिन्होंने दृष्टिहीन लोगों के लिए बनी ब्रैल और साउंड साफ्टवेयर जैसी आधुनिक सुविधाओं का इस्तेमाल करना सिखाया। उमंग फाउंडेशन अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि वह लैपटॉप का इस्तेमाल कर नोट्स बनाता है। सर्फिंग कर अपने मतलब की सामग्री नेट से निकाल कर पढ़ाई करता है।