कांग्रेस पर हमला करते हुए भाजपा नेता।
- फोटो : Amar Ujala
प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आई भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री दिप्ती रावत और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। रावत ने आधी आबादी को अपराध से त्रस्त और परेशान बताते हुए सीएम अशोक गहलोत से इस्तीफा देने की मांग की।
बीजेपी महिला मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री दिप्ती रावत ने कहा कि महिला मोर्चा का 48 घंटे प्रदेश प्रवास कार्यक्रम रहा, जिसमें प्रत्येक जिले की विधानसभा तक पहुंचने का प्रयास किया गया है। अपने प्रवास के दौरान केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के पोषण सहित अन्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की जानकारी ले रहे हैैं। उन्होंने प्रदेश की गहलोत सरकार पर स्थानीय नेताओं को लाभ पहुंचाने और केंद्र सरकार की योजनाओं का नाम बदलने का आरोप भी लगाया। रावत ने कहा- केंद्र की मोदी सरकार प्रत्येक योजना के लिए 75 प्रतिशत अनुदान दे रही हैं, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन तक लाभ नहीं पहुंच रहा।
महिलाओं के खिलाफ बढ़े अपराध
दीप्ति रावत ने वर्ष 2018 से दिसंबर 2022 तक अपराध के बढ़ते आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2020 से दुष्कर्म के मामलों में 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। महिला उत्पीड़न के मामलों में 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जिसमें दुष्कर्म के 26 हजार से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। 23 हजार से ज्यादा अपहरण के मामले दर्ज हुए हैं। प्रदेश सरकार आंकड़े छिपाने के प्रयास कर रही है। प्रदेश की लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था फेल हो चुकी है, लेकिन गहलोत सरकार चुप्पी साधे हुए हैं।
राजस्थान में महिलाओं की दशा बिगड़ती जा रही
दीप्ति रावत ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की दशा बिगड़ती जा रही है, जिसके लिए कांग्रेस की गहलोत सरकार जिम्मेदार है। प्रदेश में महिलाओं की आधी आबादी है, जो पूरी तरह त्रस्त है। महिलाओं की ऐसी परिस्थिति के लिए मुख्यमंत्री गहलोत को इस्तीफा देना चाहिए। रावत ने बालोतरा में थिनर डालकर जलाई गई विवाहिता की घटना को सरकार की गंभीर चूक बताया है। वहीं उदयपुर के मावली में 8 वर्षीय बालिका से हुए दुष्कर्म की घटना को घृणित अपराध बताते हुए प्रदेश को असुरक्षित प्रदेश बताया।
गहलोत सरकार यूपी की योगी सरकार से सीखे- दीप्ति रावत
राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री रावत ने गहलोत सरकार को यूपी की योगी सरकार से सीख लेने की बात कही। उन्होने कहा कि पहले जिन प्रदेशों में अपराध ज्यादा हुआ करते थे, वहां अब अपराध नियंत्रण में है। जबकि राजस्थान में हर दिन अपराध बढ़ रहे हैं, स्थिति नियंत्रण से बाहर है। रावत ने गहलोत सरकार द्वारा लगाए जा रहे महंगाई राहत शिविरों को ढोंग और प्रपंच बताया। उन्होंने कहा कि एक मजदूर अपनी मजदूरी छोड़कर शिविर में जाता है और खाली हाथ लौट रहा है। ऐसे में आम मजदूर के हाथ से उनकी दिहाड़ी तक मारी जा रही है।