प्रशासन ने बाटनागाड़ में आया मलबा हटवाकर पूर्णागिरि मार्ग खोल दिया है। वहीं जल संस्थान की टीम भी पूर्णागिरि की क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।
गत रविवार से लगातार दो दिन हुई बारिश से मां पूर्णागिरि धाम मार्ग और पेयजल व्यवस्थाएं छिन्न-भिन्न हो गई थीं। बाटनागाड़ में भारी मलबा आने से मार्ग बंद हो गया था। मेला मजिस्ट्रेट उप जिलाधिकारी जसवंत सिंह राठौर ने अपनी निगरानी में युद्ध स्तर पर मलबा हटवाकर मंगलवार रात मार्ग खोल दिया गया है। मेला मजिस्ट्रेट ने बताया कि मेला अवधि में मार्ग बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनें और अन्य उपकरणों की पुख्ता व्यवस्था गई है। इधर जल संस्थान के अवर अभियंता बीएस कुवार्बी ने बताया कि विभाग की टीम क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटी है। मेला शुरू होने से पूर्व जलापूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।