बहराइच में चौगाई गांव में रविवार को एक युवती का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौका मुआयना कर शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने युवती की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई है। एएसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी एकत्र की। इसके साथ ही थानाध्यक्ष को युवती की शिनाख्त कराकर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के चौगाई गांव में रविवार सुबह बाग में एक पेड़ पर युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष विमलेश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव फंदे से उतरवाया। शव की शिनाख्त न होने पर आसपास के कुछ गांवों के लोग बुलाए गए, मगर युवती की पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने युवती की हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है। सूचना पाकर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एएसपी ने आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी एकत्र की। एएसपी ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम हाउस में पहचान के लिए रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।