जिला टॉपर अंजलि को मिठाई खिलाते पिता और बाबा
- फोटो : amarujala
महोबा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया। रिजल्ट देखने के लिए सुबह से छात्र-छात्राओं में उत्सुकता नजर आई। दोपहर बाद आए परिणाम में संत जोसफ इंटर कालेज की छात्रा अंजलि गुप्ता ने 96.6 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया। इस दफा छात्राओं ने अपना दबदबा कायम किया।
जिले के चार विद्यालय संत जोसफ कालेज, ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, जवाहर नवोदय महाविद्यालय व क्रिश्चियन स्कूल कुलपहाड़ सीबीएसई बोर्ड से संचालित है। शनिवार को इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम देखने के लिए दोपहर 12 बजे से छात्र छात्राएं इंटरनेट कैफे व मोबाइल पर अपना रोल नंबर डालकर रिजल्ट देखने में लगे रहे। शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी संत जोसेफ स्कूल की छात्रा अंजलि गुप्ता ने 96.6 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया जबकि इसी विद्यालय की श्रुति मौर्या 95 फीसदी अंकों के साथ दूूसरे और प्रज्ञांश तिवारी 94.6 फीसदी अंकों के साथ जिले में तीसरे स्थान पर रहे।
जिले में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं के घरों में जश्न जैसा माहौल रहा। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। वहीं बच्चों ने अपने मित्रों के साथ जश्न मनाया। इस दफा छात्रों की अपेक्षा छात्राओं ने बेहतर अंक अर्जित कर अपना दबदबा कायम किया। बेहतर अंक अर्जित करने वाले बच्चे अपनी इस सफलता का श्रेय माता पिता के साथ गुरुजनों को दे रहे है। रिश्तेदार और पड़ोसी भी बच्चों की कामयाबी के लिए बधाई देने को उनके घर पहुंच रहे है।