मनोहर सरकार डिजिटल हरियाणा पर जोर दे रही है, लेकिन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड इसे मुंह चिढ़ा रहा है। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के ऑनलाइन परीक्षा के मामले में शिक्षा विभाग बैकफुट पर आ गया। 14-15 नवंबर को होने वाली एचटेट अब पूरी तरह से ‘ऑफलाइन’ होगी। दो नवंबर को बोर्ड अपनी वेबसाइट पर इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करेगा।
बिना किसी तैयारी के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड इस साल होने वाली एचटेट के लिए ऑनलाइन कराने की घोषणा की थी। आवेदन के वक्त छात्रों से इसके लिए विकल्प लिए गए थे, लेकिन परीक्षा से ठीक पहले बोर्ड ने हाथ खींच लिए है। बोर्ड ने इस बार छात्रों के सामने ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा और ऑफलाइन यानी पेपर-पेन आधारित परीक्षा कराने का निर्णय लिया था।
ऑनलाइन परीक्षा को बढ़ावा देने के लिए फीस भी इस विकल्प के चुनने वाले छात्रों से कम लिए थे, लेकिन साइबर सिटी समेत प्रदेश में इसके लिए परीक्षा केंद्र नहीं मिले। बोर्ड ने ऑनलाइन परीक्षा के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज और सरकारी कंप्यूटर संस्थान को प्राथमिकता दी थी, लेकिन सभी जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रों की सुविधा के अनुसार उपलब्ध नहीं थे। परीक्षा गृह जिले में कराने की बाध्यता की वजह से शिक्षा विभाग अपने पुराने ढर्रे पर आ गया। परीक्षार्थियों से बिना किसी अतिरिक्त फीस चार्ज किए उनसे ओएमआर आधारित परीक्षा में तब्दील कर दिया गया।
परीक्षा केंद्र की अनुपलब्धता के कारण बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। दो नवंबर से परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। छात्रों को ओएमआर सीट पर ही परीक्षा देनी होगी: मीनाक्षी शारदा, जनसंपर्क उप-निदेशक, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड