उत्तराखंड के दो विश्वविद्यालयों से संबद्धता के बीच लटके प्रोफेशनल कोर्स के पांच हजार से ज्यादा छात्रों को अब अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है।
पहले इन कॉलेजों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध कर दिया गया था तो तकनीकी विवि ने परीक्षा कराने से इंकार कर दिया था। बाद में शासन ने निर्देश भेजे कि इनकी परीक्षा तकनीकी विवि को ही करानी है। अब तकनीकी विवि मार्च के अंतिम सप्ताह में परीक्षा की योजना बना रहा है लेकिन तिथि तय नहीं है।
उत्तराखंड तकनीकी विवि से संबद्ध प्रोफेशनल कोर्स(बीसीए, एमसीए, बीबीए, एमबीए, पीजी डिप्लोमा आदि) में सत्र 2014-15 में छात्रों ने दाखिले जून-जुलाई में लिए। इनकी परीक्षाएं तकनीकी विवि को दिसंबर 2014 से पहले करानी थी। इस बीच शासन की ओर से निर्देश जारी हुए कि प्रोफेशनल कोर्स के सभी संस्थान श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध होंगे।
इस वजह से तकनीकी विवि ने इन छात्रों की परीक्षा कराने से इंकार कर दिया। श्रीदेव सुमन विवि भी परीक्षा नहीं करवा सका। बाद में शासन ने छात्रों की परीक्षा तकनीकी विवि को ही कराने के निर्देश दिए लेकिन विवि अब तक परीक्षाएं नहीं करवा पाया है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. आरके सिंह के मुताबिक फिलहाल परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह में परीक्षाएं कराने की योजना है, जिसकी तिथियां जल्द ही घोषित कर दी जाएंगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं में इतना विलंब होने से इन छात्रों का पूरा सत्र विलंब हो गया है।
अगर मार्च-अप्रैल में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं होती भी हैं तो द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं अक्तूबर से पहले नहीं हो पाएंगी। जबकि मार्च-अप्रैल में इनकी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी चाहिए थीं।
कई कॉलेजों ने अब तक परीक्षा फार्म जमा नहीं कराए हैं। इस वजह से परीक्षाएं अटकी हुई हैं। जैसे ही परीक्षा फार्म आ जाएंगे तो परीक्षा करा दी जाएगी।
- डा. आरके सिंह