यूपी में भदोही के चकबीरा गांव में शादी के बाद ससुराल पहुंची नवविवाहिता घर में शौचालय नहीं होने पर नाराज हो गई और अपने भाई को बुलाकर मायके लौट गई। कहा कि जब तक घर में शौचालय नहीं बनेगा, वह नहीं आएगी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी पहुंचे और विवाहिता की ससुराल में शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया।
औराई थानाक्षेत्र के चकबीरा गांव निवासी अनिल शर्मा पुत्र प्रेमशंकर शर्मा की मंगलवार को वाराणसी निवासी खुशबू शर्मा से शादी हुई। बुधवार को विवाहिता घर आई।
दोपहर में जब उसे पता चला कि घर में शौचालय नहीं है तो वह नाराज हो गई। उसने फोन कर अपने भाई को बुलाया और मायके लौट गई। उसने ससुराल वालों से कहा कि जब तक घर में शौचालय नहीं बनेगा, वह नहीं लौटेगी। विवाहिता के इस कदम की लोगों ने सराहना की है।
वहीं, जानकारी होने पर ग्राम प्रधान लालधर पाल और ग्राम पंचायत अधिकारी सर्वेश कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे तथा शौचालय निर्माण शुरू करा दिया। ग्राम प्रधान ने बताया कि दो दिन के अंदर शौचालय तैयार करा दिया जाएगा।