उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अपने छात्र-छात्राओं को जोड़े रखने के लिए ब्लॉग का सहारा लेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों से खुद का ब्लॉग शुरू करने को कहा है।
छात्र-छात्राओं को शिक्षित करने का नया प्लेटफार्म
ब्लॉग के माध्यम से शिक्षक न सिर्फ उन्हें भविष्य की गतिविधियों की जानकारी दे सकेंगे बल्कि शोधपत्र, विचार, नई खोज, संदर्भ आलेख आदि डालकर छात्र-छात्राओं को शिक्षित करने का प्लेटफार्म उपलब्ध कराएंगे।
मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुभाष धूलिया ने बताया कि विश्वविद्यालय में पर्वतीय इलाकों से अधिक मैदानी इलाके के छात्र-छात्राएं संबंद्ध हैं जहां इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है। विश्वविद्यालय इंटरनेट केदौर में सूचना प्रौद्योगिकी को ध्यान में रखकर छात्र-छात्राओं को सीधे विवि से जोड़ना चाहता है।
विद्यार्थियों को न सिर्फ पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है बल्कि पढ़ाई से जुड़ी अन्य सामग्री उन्हें ब्लॉग पर उपलब्ध होगी। इस माध्यम से वे शिक्षकों से जुड़े रहेंगे और अपने सवालों के जवाब भी पा सकेंगे।
उनका कहना है कि किन्हीं कारणों से पाठ्य पुस्तकें या अन्य सामग्री उपलब्ध न होने पर भी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। परीक्षा और प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियों की जानकारी भी उन्हें आसानी से मिल सकेगी। विवि संसाधनों को ध्यान में रखकर खुद को तकनीकी रूप से मजबूत कर रहा है।