सेमेस्टर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं देखने के लिए अब छात्रों को लखनऊ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश तकनीकी यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) ने सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के बाद उन्हें ऑनलाइन करने का फैसला किया है।
कॉपियां वेबसाइट पर अपलोड होने के बाद छात्र एक क्लिक पर देख सकेंगे। शुरुआत में विवि केवल फर्स्ट ईयर में ही यह सुविधा देगा। इसके बाद अगले चरणों में सिलसिलेवार योजना बाकी क्लासेज में लागू की जाएगी। आगामी सम-सेमेस्टर परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों को योजना का लाभ मिलेगा।
कॉपियों में लगाया आईसीआर बारकोड
नई व्यवस्था को शुरू करने के लिए यूपीटीयू ने पहले सभी उत्तरपुस्तिकाओं में आईसीआर बारकोड लगाया है। इसी केतहत अब कॉपियों को ऑनलाइन करने की कवायद शुरू कर दी है।
अपर परीक्षा नियंत्रक डा. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाएं देखने के लिए छात्रों को अब लखनऊ तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। योजना को शुरू करने की तमाम प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। संभवतय अगले सेमेस्टर की कॉपियां ऑनलाइन कर दी जाएंगी।
तैयारी का होगा आंकलन, त्रुटियों का चलेगा पता
विवि की इस व्यवस्था का छात्रों को बेहद लाभ मिलेगा। ऑनलाइन कॉपियां होने से छात्र उत्तरपुस्तिकाओं में हुई त्रुटियों का पता लगाने के साथ अपनी तैयारी का भी अच्छे से आंकलन कर सकेंगे। वहीं, इससे उन्हें अपने प्रदर्शन को सुधारने में भी मदद मिलेगी।