उत्तर प्रदेश तकनीकी यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) ने सत्र 2013-14 की एमटेक, एमफार्मा और एमआर्क की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। तीनों कोर्सेज की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 21 से शुरू होकर 26 अप्रैल तक चलेंगी।
विवि ने कालेजों से जारी परीक्षा शेड्यूल में संशोधन के लिए 10 अप्रैल तक सुझाव मांगे हैं। डेढ़ माह की देरी से जारी हुए परीक्षा शेड्यूल से छात्रों ने राहत की सांस ली है। यूपीटीयू ने लखनऊ रीजन में आने वाले कालेजों के लिए अलग शेड्यूल जारी किया है।
परीक्षा शेड्यूल में एमटेक मैकेनिकल ग्रुप, ईसी, एमटेक बायोटेक, सीएस-आईटी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, फूड टेक्नोलॉजी फर्स्ट सेमेस्टर परीक्षाएं 21 से 26 अप्रैल तक चलेंगी।
वहीं, एमटेक थर्ड सेमेस्टर में एमटेक बायोटेक और एमई की परीक्षाएं 21 और 22 अप्रैल, सीएस-आईटी की 21 से 26 अप्रैल, एमटेक डिजिटल कम्युनिकेशन की परीक्षाएं 21 और 22 अप्रैल, ईसी और ईई की 21 से 23 अप्रैल तक चलेंगी।
एमफार्मा और एमआर्क की फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 से 26 अप्रैल तक चलेंगी। विवि के अपर परीक्षा नियंत्रक डा. विक्रम सिंह ने कालेजों को जारी शेड्यूल में अगर कोई त्रुटि रह गई है तो सुधार के लिए 10 अप्रैल तक सुझाव मांगे हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा अगले सप्ताह तक परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम आते ही छात्र तैयारी में जुट गए हैं।