उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) अपनी ब्रांडिंग करने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं बना रही है जबकि दूसरी ओर यूनिवर्सिटी का अपना एडमिशन पोर्टल अभी तक अपडेट नहीं हुआ है।
यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) की वेबसाइट अभी भी गौतमबुद्ध टेक्निकल यूनिवर्सिटी (जीबीटीयू) के नाम से चल रही है।
इतना ही नहीं यूपीटीयू की दोबारा स्थापना हुए चार महीने होने को हैं लेकिन पोर्टल पर अभी भी प्रदेश में दो यूनिवर्सिटी, एमटीयू-जीबीटीयू ही दिखाई दे रही हैं। एसईई की तारीख घोषित हो चुकी हैं लेकिन यहां कोई जानकारी नहीं है।
दरअसल, प्रदेश के 700 से ज्यादा इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, आर्किटेक्चर, फार्मेसी और व्यावसायिक कॉलेजों में एडमिशन और काउंसलिंग upsee.nic.in के जरिये होते हैं। यह न सिर्फ एडमिशन पोर्टल है बल्कि यूपीटीयू का आइना भी है।
इसके जरिये ही एसईई के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से लेकर काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाती है। इस वेबसाइट पर ही प्रदेश के तमाम कॉलेजों की जानकारी, काउंसलिंग की ओपनिंग-क्लोजिंग रैंक, शासनादेश से लेकर एसईई के आवेदन, परीक्षा और योग्यता का पूरा ब्योरा होता है।
छात्रों ने इंजीनियरिंग एडमिशन के लिए सीबीएसई-जेईई मेन के साथ एंट्रेंस एग्जाम की भागदौड़ शुरू कर दी है लेकिन यूपीटीयू ने इस पोर्टल को अब तक अपडेट नहीं किया है। पोर्टल पर छात्रों को अभी तक गलत सूचनाएं मिल रही है।
यही कारण है, जिसके चलते व्यवस्थाओं के प्रति छात्र व अभिभावकों में नकारात्मक छवि बनती है। यूपीटीयू नोएडा कैंपस में बीते रविवार यूनिवर्सिटी व एसईई की ब्रांडिंग और आवेदन बढ़ाने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाई गईं लेकिन एडमिशन पोर्टल पर किसी का ध्यान नहीं है। उधर, अगले महीने की शुरुआत में एसईई की आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी है।