यूपी पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम (यूपीपीजीएमईई)-2014 के प्रवेश पत्र आज से डाउनलोड किए जा सकेंगे। 22 मार्च को होने वाली प्रवेश परीक्षा में 343 सीटें दांव पर हैं।
इसमें से 329 मेडिकल व 14 सीटें डेंटल की हैं। परीक्षा दो केंद्रों यूपी लोक सेवा आयोग भवन और नेशनल कॉलेज में होगी। यूपीपीजीएमईई-2014 के मुख्य संयोजक प्रो. एके सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा में कुल 4,218 आवेदन आए हैं।
इनमें से 444 डेंटल के हैं। यूपी लोक सेवा आयोग भवन में लगभग 2,800 और नेशनल कॉलेज में 2,418 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह नौ बजे से शुरू हो जाएगा।
बायोमीट्रिक जांच में देरी होने के कारण एक घंटे पहले प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी को अपना एक आइडेंटिटी प्रूफ भी प्रवेश पत्र के साथ लाना होगा। पेन और पानी परीक्षा केंद्र के अंदर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल आदि ले जाना प्रतिबंधित होगा। प्रो. एके सिंह ने बताया कि परीक्षा 10 से एक बजे तक होगी, जिसमें 190 वैकल्पिक (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न होंगे।
निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी केजीएमयू की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
गौरतलब है कि प्रदेश में एसजीपीजीआई, केजीएमयू, सैफई रिम्स, आरएमएलआईएमएस, मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट आगरा, आरआईओ सीतापुर सहित इलाहाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, मेरठ, आगरा में कुल 712 पीजी सीटें हैं।
इनमें से 50 फीसदी लगभग 322 ऑल इंडिया कोटे से भरी जाती हैं। बाकी 343 सीटें यूपीपीजीएमईई से भरी जाती हैं। इस बार 51 सीटें प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के लिए आरक्षित की गई हैं।