यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका का वितरण सोमवार से शुरू हो जाएगा। कॉलेज राजकीय जुबली इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्र और राजकीय निशातगंज इंटर कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा।
परीक्षा सामग्री लेने के लिए ज्यादा भीड़ न हो, इसलिए पहले दिन केवल सदर तहसील के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों को बुलाया गया है। प्रवेशपत्र और नॉमिनल रोल का वितरण भी राजकीय जुबली इंटर कॉलेज से किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षाओं का आगाज तीन मार्च से होगा। परीक्षाओं को लेकर तैयारियां काफी दिनों से चल रही हैं। शिफ्टिंग सूची आने के बाद तैयारियों में और तेजी आ गई है।
शनिवार को प्रवेश पत्र और हाईस्कूल के नॉमिनल रोल का वितरण शुरू हो गया था। सोमवार से प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिका का वितरण भी शुरू हो जाएगा। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए लखनऊ में 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा में एक लाख, 12 हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के लिए प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा सामग्री के साथ ही सभी कॉलेजों को उनके यहां बनाए गए कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र भी दिए गए हैं। कक्ष निरीक्षकों को 28 फरवरी तक कार्यमुक्त करने का आदेश भी जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों के नाम जारी कर दिया है।
कक्ष निरीक्षकों को एक मार्च तक अपने केंद्र अध्यक्ष के पास रिपोर्ट करने को कहा गया है।