फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिन ब्याही मां ने जन्मी बेटी, दाई ने किया सौदा

Tue, 27 Jan 2015 02:44 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
एक अविवाहित युवती से पैदा हुई बच्ची को दाई ने अंबाला के एक नि:संतान दंपति को 20 हजार रुपये में बेच दिया। बेची गई बच्ची का बर्थ सर्टिफिकेट देने में आनाकानी करने पर दंपति ने इसकी शिकायत गांधी नगर पुलिस चौकी में की, जिसके बाद दाई के कारनामे का खुलासा हुआ। इस मामले की जांच चाइल्ड वेलफेयर कमेटी द्वारा की जा रही है। मामला, हरियाणा के यमुनानगर जिले में सामने आया।
विज्ञापन


अंबाला की एक नि:संतान दंपति ने शनिवार को पुलिस को शिकायत दी कि मायापुरी कॉलोनी में रहने वाली एक दाई से उन्होंने 20 हजार रुपये देकर एक नवजात बच्ची गोद लिया है लेकिन दाई बच्ची का बर्थ सर्टिफिकेट देने में आनाकानी कर रही है।

बच्ची को एक बिन ब्याही मां ने जन्मा

पुलिस ने दाई को थाने में बुलवाकर उससे बच्ची के बारे में पूछताछ की। पुलिस की सख्ती से दाई ने खुलासा किया कि दंपति को गोद दी गई बच्ची को एक बिन ब्याही मां ने जन्म दिया है। बच्ची को जन्म देने वाली युवती उत्तरप्रदेश के अयोध्या की रहने वाली है। युवती डिलीवरी के लिए कांसापुर में रहने वाली अपनी चाची के घर आई थी और डिलीवरी के बाद चली गई।

दाई का कहना है कि बच्ची की डिलीवरी के बाद दंपति से लिए गए 20 हजार रुपये में से 10 हजार उसने युवती की चाची को दिए हैं। यह मामला नवजात बच्ची से जुड़ा होने के कारण गांधी नगर चौकी पुलिस ने इसकी सूचना चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को दी, जिसके बाद जिला बाल कल्याण अधिकारी मनीषा खन्ना और चाइल्ड हेल्पलाइन की डायरेक्टर अंजू बाजपेयी गांधी नगर चौकी पहुंची और मामले की छानबीन की।

दंपति को कानूनी तौर पर बच्ची गोद दिलवाएगी

चाइल्ड हेल्पलाइन की डायरेक्टर अंजू बाजपेयी ने बताया कि बच्ची को गोद लेने वाले दंपति को यह नहीं पता है कि बच्ची को कानूनी तौर पर गोद लेना जरूरी है। उन्होंने दाई को 20 हजार रुपये देकर बच्ची गोद ले ली।

दाई ने दिसंबर में अपने घर में युवती की डिलीवरी करवाई। दाई ने बच्ची के बर्थ सर्टिफिकेट के लिए नगर निगम के रिकार्ड में बच्ची के माता-पिता का नाम गोद लेने वाले दंपति का लिखवाया है। इस मामले में गोद लेने वाले दंपति कानूनी प्रक्रिया से अंजान है, लेकिन सारा मामला सामने आने के बाद वह बच्ची को कानूनी तौर पर गोद लेना चाहते हैं।

बच्ची को जन्म देने वाली युवती को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने बुलवाया जाएगा। यदि वह बच्ची को रखने के लिए राजी नहीं होती है तो बच्ची को कानूनी तौर पर अंबाला के दंपति को गोद देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल बच्ची दंपति के पास ही है। इस दंपति को शादी के 10 साल हो चुके हैं और उनकी कोई औलाद नहीं है।
विज्ञापन

बड़ा सवाल : दाई ने घर पर कैसे करवाई डिलीवरी

दाई ने युवती की डिलीवरी अपने घर में करवाई है, जबकि दाई ऐसा नहीं कर सकती। इससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि दाई ने पहले भी अपने घर में डिलीवरी करवाई हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन की डायरेक्टर अंजू बाजपेयी ने कहा कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की ओर से पुलिस को इसकी जांच करने को कहा जाएगा। हो सकता है कि दाई ने पहले भी इसी प्रकार नवजात बच्चों को बेचा हो।

वर्जन
गोद लेने वाले दंपति ने गांधी नगर चौकी में दाई के खिलाफ शिकायत दी है। फिलहाल इस मामले की जांच चाइल्ड वेलफेयर कमेटी कर रही है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
निर्मल सिंह, एसएचओ, फर्कपुर थाना
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें