पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) से संबद्ध कालेजों में अगले शिक्षा सत्र (2014-15) से अंडर ग्रेजुएट कोर्सों के पहले वर्ष में सेमेस्टर सिस्टम लागू होगा।
पीयू सिंडीकेट की शनिवार को आठ घंटे तक चली बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इससे पीयू के 188 संबद्ध कालेजों के एक लाख से अधिक विद्यार्थी प्रभावित होंगे।
बैठक में यह तय हुआ कि संबंधित विषयों की बोर्ड ऑफ स्टडीज की सिफारिशों को संबंधित फैकल्टी के पास मंजूरी के लिए जल्द भेजी जाएंगी, ताकि सिलेबस और पेपर का पैटर्न मंजूर हो सके।
सभी फैकल्टीज के डीन को 15 मई तक बैठक बुलाने को कहा गया है। पीयू पर सेमेस्टर सिस्टम को लागू करने के लिए पंजाब सरकार के साथ-साथ यूटी प्रशासन का भी दबाव था। बैठक में कुलपति ने बताया कि दो दिन पहले इस बारे में स्टाफ के साथ बैठक हुई है और पीयू इस सिस्टम को लागू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।