विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) की ओर से नेट परीक्षा 29 दिसंबर को देशभर में आयोजित होने जा रही है। दून विवि ने राजधानी में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे परीक्षा कक्ष में पहुंचना होगा।
यूजीसी नेट में इस बार दून विवि को कुल 4988 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें सामान्य श्रेणी के 2928, ओबीसी के 1091, एससी के 754, एसटी 215, विकलांग के 67 आवेदन शामिल हैं।
जून की तुलना में कम अभ्यर्थी
जून माह की तुलना में इस बार अभ्यर्थियों की संख्या पहले से कम हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि जून में ज्यादातर छात्रों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां होती हैं, इसलिए वह आसानी से तैयारी कर परीक्षा देते हैं।
जून में करीब 5800 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि इस माह यह संख्या करीब एक हजार कम है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
दून विवि, ग्राफिक एरा विवि, ग्राफिक एरा पर्वतीय विवि, एसजीआरआर पीजी कालेज, एसजीआरआर पब्लिक स्कूल तालाब और एसजीआरआर आईटीएस पटेलनगर।
43 विषयों के लिए परीक्षा
दून विवि के उपकुलसचिव डा. मंगल सिंह मंद्रवाल ने बताया कि यहां छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 43 विषयों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें एजूकेशन में सर्वाधिक 629 अभ्यर्थी जबकि प्रबंधन विषय में 525 अभ्यर्थी शामिल हैं।
आधा घंटे बाद तक एंट्री
यूजीसी नेट का पहला पेपर सुबह नौ बजे शुरू हो जाएगा लेकिन किन्हीं कारणों से लेट होने वाले अभ्यर्थी पेपर शुरू होने के आधे घंटे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकते हैं।
डा. मंद्रवाल ने बताया कि परीक्षा के लिए अभ्यर्थी को केवल एडमिट कार्ड लेकर आना होगा। विवि ने परीक्षा केंद्रों की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की जानकारी विवि की वेबसाइट www.doonuniversity.ac.in देख सकते हैं।