यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को विज्ञान की परीक्षा ड्यूटी करते दो और विषय विशेषज्ञ टीचर को धरा गया। बोर्ड के सख्त निर्देश हैं कि किसी भी सूरत में विषय विशेषज्ञ टीचर्स से ड्यूटी न कराई जाए।
इसके बावजूद विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को बराबर ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। शनिवार सुबह की पाली में हाईस्कूल में विज्ञान विषय की परीक्षा थी। परीक्षा में उड़ाका दल ने दो विषय विशेषज्ञों शिक्षकों को ड्यूटी करते पकड़ा।
दोनों केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों ने शिक्षकों की कमी का बहाना बताकर मामला टालने की कोशिश की लेकिन उड़ाका दल दोनों शिक्षकों के परिचय पत्र जब्त करके डीआईओएस के पास मामले की रिपोर्ट भेज रहा है।
कॉलेजों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक ड्यूटी की आड़ में नकल करवाने में लगे हुए हैं। मौके से कॉपी किताब या पर्ची न मिलने के कारण नकल का खुलासा नहीं हो पा रहा है।
असल में विषय विशेषज्ञ शिक्षक ड्यूटी की आड़ में नकल का खेल खेल रहे हैं। शुक्रवार को कुंवर आसिफ अली संजू मिया इंटर कॉलेज में उड़ाका दल ने फिजिक्स के विषय में फिजिक्स के टीचर को ड्यूटी करते पकड़ा था।
शनिवार को भी यही स्थिति रही, गोसाईंगंज क्षेत्र के पंचशील इंटर कॉलेज नगराम और आदर्श हाईस्कूल अहमामऊ में विज्ञान के शिक्षक को ड्यूटी करते पकड़ा गया। दोनों टीचर्स के परिचय पत्र जब्त कर लिए गए हैं। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट डीआईओएस के पास दाखिल की जाएगी।
परीक्षार्थियों को काबू नहीं कर पा रहे तीन-तीन पर्यवेक्षक
राष्ट्रभारती पब्लिक स्कूल कल्याणपुर परीक्षा केंद्र में तीन-तीन पर्यवेक्षक होने के बावजूद परीक्षार्थी काबू में नहीं आ रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर स्पोर्ट्स कॉलेज के स्टूडेंट्स जमकर उधम मचा रहे हैं।
शनिवार सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा के दौरान निरीक्षण पर पहुंची सचल दस्ते ने स्थिति देखी तो आपत्ति जताई। इस पर परीक्षार्थियों के साथ सचल दस्ते की भी कहा सुनी हुई। सचल दस्ते के सामने केंद्र व्यवस्थापक ने भी परीक्षार्थियों के काबू में न आने की बात कही।
जुबली कॉलेज में मिले 17 मोबाइल
परीक्षा के दौरान बार-बार चेतावनी देने के बावजूद परीक्षार्थी सुधर नहीं रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी बराबर मोबाइल फोन ला रहे हैं।
राजकीय जुबली इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के पास से शनिवार को 17 मोबाइल फोन बरामद किए गए। हालांकि बाद में परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन आगे न लाने की हिदायत के साथ वापस कर दिए गए।
फर्जी परिचय पत्र पर ड्यूटी करते मिले कक्ष निरीक्षक
कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में कॉलेज बराबर खेल कर रहे हैं। शनिवार को अमर उजाला की पड़ताल के दौरान चिनहट स्थित प्रज्ञा पब्लिक इंटर कॉलेज में अरविंद मौर्य नाम का शिक्षक फर्जी परिचय पर पर ड्यूटी करते मिला।
अरविंद मौर्या नाम के इस शिक्षक के परिचय पत्र पर डीआईओएस की सील के अलावा किसी भी अधिकारी यहां तक कॉलेज के प्रधानाचार्य तक के हस्ताक्षर नहीं थे।
इसी तरह इंदिरानगर स्थित सक्सेना इंटर कॉलेज में ड्यूटी कर रहे एक शिक्षक के पास हाथ से लिखा हुआ परिचय पत्र था। शिक्षक ने बताया कि उसका परिचय पत्र खो गया है इसलिए प्रिंसिपल ने हस्ताक्षर करके नया परिचय पत्र जारी किया है।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक पीसी यादव ने साफ किया है कि परिचय पत्र खोने की सूरत में हाथ से लिखकर परिचय पत्र जारी किए जा सकते हैं लेकिन यह तभी मान्य होगा, जब इसे डीआईओएस कार्यालय से काउंटर साइन करवाया जाएगा।