इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अब काउंसलर्स और अर्बन प्लानर तैयार करेगा।
जुलाई सत्र से इग्नू लखनऊ रीजन में मास्टर ऑफ सोशल वर्क इन काउंसलिंग और डिप्लोमा इन अर्बन प्लानिंग एंड डवलपमेंट का कोर्स शुरू करने जा रहा है।
इन दोनों ही कोर्स के लिए फॉर्म मिलना शुरू हो चुके हैं। फिलहाल, ये कोर्स लखनऊ, कानपुर और बरेली में शुरू किए जाएंगे।
इसके बाद अगले चरण में इनकी मांग को देखते हुए लखनऊ रीजन के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में शुरू किए जाने की योजना है।
इग्नू की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने बताया कि लखनऊ में फिलहाल ये दोनों ही कोर्स नेशनल पीजी कॉलेज में शुरू किए जाएंगे।
यदि छात्रों की संख्या अधिक रही तो अन्य कॉलेजों में बने इग्नू सेंटर्स पर इसका संचालन होगा।
बढ़ रही अच्छे काउंसलर्स की मांग
युवाओं में बढ़ रहा डिप्रेशन, कामकाजी लोगों में कभी घर तो कभी प्रोफशनल जिंदगी का तनाव।
कभी-कभी यह डिप्रेशन इतना बढ़ जाता है कि लोग आत्महत्या तक कर लेते हैं।
हाल ही में बीडीएस छात्रा, पुलिस कर्मी, कक्षा 9 की छात्रा द्वारा आत्महत्या की घटनाएं सामने आई हैं।
इग्नू की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने बताया वर्तमान माहौल में शिक्षण संस्थान से लेकर कार्पोरेट क्षेत्र तक सभी संस्थाएं अपने यहां के स्टूडेंट्स, कर्मचारी व अन्य कार्यरत लोगों की काउंसिलिंग पर विशेष ध्यान देने लगी हैं।
ऐसे में एमएसडब्लू इन काउंसलिंग कोर्स काफी रोजगारपरक साबित होगा।
इसे करने के बाद शिक्षण संस्थान, कार्पोरेट क्षेत्र, सामाजिक कल्याण क्षेत्र, सुधारात्मक संगठन, परिवार अदालत, निशक्त जन संस्थान, बाल देखभाल एवं दत्तक केंद्र, नशामुक्ति केंद्र, पुनर्वास केंद्र, परिवार नियोजन स्वैच्छिक परामर्श एवं परीक्षण केंद्र आदि संस्थाओं में रोजगार की संभावनाएं रहेंगी।
क्योंकि इन संस्थाओं में हमेशा ही अच्छे काउंसलर्स की मांग बनी रहती है।
कोर्स में स्टूडेंट्स को समाजकार्य के उदगम और विकास के साथ ही जीवन की विशेषताओं और चुनौतियों, परामर्श के मनावैज्ञानिक आधार, परामर्श के मूल तत्व इसका क्षेत्र आदि के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाएगा।
इनके साथ ही कोर्स में समाजकार्य संबंधित प्रयोग और इंटर्नशिप भी होगी। दो साल के इस कोर्स की फीस 15 हजार प्रतिवर्ष है।
स्टूडेंट्स को मिलेगा शहरी विकास का ज्ञान
इग्नू द्वारा जुलाई से शुरू किया जाने वाला दूसरा कोर्स है डिप्लोमा इन अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट।
इग्नू के सहायक क्षेत्रीय निदेशक अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि बढ़ते हुए शहरीकरण के कारण परिवहन, गरीबी, बेरोजगारी, अनाधिकृत आवासीय कालोनियां, मलिन बस्तियां, प्रदूषण आदि बढ़ रहे हैं।
ऐसे में अर्बन क्षेत्रों का नियोजन और विकास एक बड़ी चुनौती है।
एक साल के इस डिप्लोमा कोर्स में स्टूडेंट्स को शहरी विकास का ज्ञान देने केसाथ शहरी नियोजन और विकास के लिए विभिन्न सैद्घांतिक और प्रायोगिक पहलुओं के बारे में बताया जाएगा।
इस कोर्स को करने के बाद स्टूडेंट के सामने सरकारी, प्राइवेट व गैरसरकारी ऐसी संस्थाओं में रोजगार के अवसर होंगे जो अर्बन प्लानिंग के प्रोजेक्ट देख रही हैं।
जो लोग पहले से अर्बन प्लानिंग और डवलपमेंट से जुड़ी संस्थाओं में कार्यरत हैं वह भी इस कोर्स को कर सकते हैं।
इसके लिए किसी भी विषय से स्नातक किया अभ्यर्थी आवेदन कर सकता है। एक साल के इस कोर्स की फीस 2800 रुपये है।
दोनों ही कोर्स के लिए आवेदन पत्र मिलने की अंतिम तिथि 20 जून है।
आवेदन पत्र 200 रुपये में इग्नू के रीजनल सेंटर या किसी भी अध्ययन केंद्र से लिया जा सकता है।
इसके अलावा फार्म को इग्नू की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।